द जनमित्र डेस्क
राष्ट्रीय राजमार्ग 120 के अंतर्गत डुमरांव बाजार क्षेत्र में 5.2 किलोमीटर लंबे क्षतिग्रस्त हिस्से के स्थायी पुनर्निर्माण हेतु नई निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ बिहार पथ निर्माण विभाग ने इस कार्य के लिए 15.04 करोड़ रुपये की नई निविदा आमंत्रित की है।

परियोजना में निर्माण कार्य 270 दिनों यानी नौ महीनों के अंदर पूरा करना होगा। साथ ही ठेकेदार को पांच साल यानी 60 महीनों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अक्टूबर 2026 के अंत तक निर्माण एजेंसी का चयन हो जाने और नवंबर से काम शुरू होने की उम्मीद है।
डुमरांव शहर के लिए नया बाईपास प्रस्तावित होने के कारण एनएच डिवीजन अब तक इस पुराने मार्ग पर केवल अस्थायी मरम्मत करवा रहा था। बाईपास में संभावित देरी और सड़क की खराब हालत को देखते हुए स्थानीय विधायक राहुल सिंह के प्रयास से शासन स्तर पर स्थायी पुनर्निर्माण के लिए बजट और विशेष मंजूरी मिल गई। बाईपास बनने के बाद यह हिस्सा राज्य सरकार के अधीन चला जाएगा। सामान्य परिस्थितियों में केंद्रीय मंत्रालय ऐसे मार्गों पर नया निर्माण नहीं करवाता। पटना-बक्सर एनएच 922 के फोरलेन निर्माण की मंजूरी के बाद भी वर्षों तक इसी तरह की समस्या बनी रही थी।
इस समय डुमरांव बाजार से होकर गुजरने वाला 5.2 किलोमीटर का यह खंड गहरे गड्ढों और धूल से भरपूर है। रेलवे स्टेशन, सरकारी दफ्तरों और आसपास की पंचायतों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग होने से भारी वाहनों का दबाव बहुत ज्यादा है। बिटुमिनस की मजबूत नई परत और उचित जल निकासी व्यवस्था के साथ होने वाले इस काम से स्थानीय लोगों को धूल और जर्जर सड़क की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

Comment here