द जनमित्र डेस्क
चौसा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। चौसा-कोचस मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन के समीप 78 ए गेट के पास बन रहे रेल ओवरब्रिज (ROB) पर मई महीने से वाहनों का परिचालन शुरू होने की संभावना है।

राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा बनाए जा रहे इस ओवरब्रिज के एप्रोच रोड का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। परियोजना पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि अप्रैल तक संपर्क मार्ग के शेष कार्य भी पूरे कर लिए जाएंगे। पुल के नीचे दोनों ओर बचे कुछ कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
इससे स्थानीय लोगों को वर्षों से झेलनी पड़ रही ट्रेन फाटक पर जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी। बरसात में कीचड़ और जलजमाव की वजह से होने वाली परेशानियां भी खत्म हो जाएंगी।
आरओबी का काम वर्ष 2015 में शुरू हुआ था। मुख्य ढांचा तो 2018 में ही तैयार हो गया था, लेकिन संपर्क मार्ग अधूरा रहने के कारण आम लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा था। 117 करोड़ रुपये की इस परियोजना में तकनीकी कारणों और भूमि अधिग्रहण में आई अड़चनों के चलते काफी देरी हुई।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की थी। अब तय समय-सीमा के अनुसार काम पूरा होने की उम्मीद से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
परियोजना पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
रेल ओवरब्रिज के चालू होते ही चौसा और कोचस के बीच आवागमन आसान और तेज हो जाएगा, जिससे दैनिक यात्रियों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।


Comment here