द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड के कांट मौजा में एक सीमेंट फैक्ट्री के सैकड़ों मजदूरों ने प्रबंधन पर गंभीर शोषण का आरोप लगाते हुए प्रखंड श्रम पदाधिकारी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इंटक के जिलाध्यक्ष पप्पू पांडेय के नेतृत्व में मजदूरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने श्रम अधिकारी से मुलाकात कर न्याय की मांग की।

मजदूरों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने उनकी मजदूरी में मनमानी कटौती की, निर्धारित समय से अधिक काम करवाया लेकिन ओवरटाइम का पूरा भुगतान नहीं किया। साथ ही, स्किल्ड और नॉन-स्किल्ड बड़ी संख्या में मजदूरों को बिना किसी पूर्व सूचना या कानूनी एक माह के नोटिस के अचानक काम से हटा दिया गया।
इंटक जिलाध्यक्ष पप्पू पांडेय ने बताया कि कांट मौजा स्थित इस सीमेंट फैक्ट्री का निर्माण कार्य हाजी एपी बाबा एंड कंपनी को सौंपा गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर सुधीर जायसवाल के अधीन काम कर रहे मजदूरों के साथ श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। मजदूरी दर के अनुसार भुगतान नहीं किया गया और ओवरटाइम का पैसा भी रोका जा रहा है।
मजदूरों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि फैक्ट्री लगने की उम्मीद में वे अन्य राज्यों से बिहार लौटे थे, लेकिन अब न केवल रोजगार छिन गया है बल्कि बकाया मजदूरी भी नहीं मिल रही, जिससे उनके परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
मजदूरों ने हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर मामले की तत्काल जांच, बकाया मजदूरी भुगतान और उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
श्रम विभाग ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि प्रशासन कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और मजदूरों को उनका हक कब तक मिल पाता है।


Comment here