स्थानीय

अमृत भारत एक्सप्रेस दक्षिण भारत से कनेक्टिविटी को देगा नया आयाम

Spread the love

द जनमित्र | शशि

मुजफ्फरपुर से दक्षिण भारत के लिए शुरू की गई मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस कल बक्सर पहुंची। इस स्वदेशी अत्याधुनिक ट्रेन को रेलवे स्टेशन प्रबंधक कमलेश कुमार सिंह की अगुवाई में हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया गया। रेल अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन बिहार और दक्षिण भारत के बीच तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प बनेगी, जिससे कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों में भी बढ़ोतरी होगी।

ट्रेन का नियमित परिचालन मंगलवार से शुरू हो रहा है। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन हर मंगलवार सुबह 10:40 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:54 बजे बक्सर पहुंचेगी। इसके बाद, बुधवार की रात 11:50 बजे यह दक्षिण भारत के सिकंदराबाद स्थित चरलापल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। वापसी यात्रा में ट्रेन गुरुवार को सुबह 4:05 बजे चरलापल्ली से खुलेगी, शुक्रवार सुबह 10:58 बजे बक्सर पहुंचेगी और फिर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होगी।

उद्घाटन समारोह में रेलवे स्टेशन प्रबंधक कमलेश कुमार सिंह के अलावा सीटीआई अशोक कुमार, गुड्स सुपरवाइजर नितेश दत्त सिंह, बुकिंग सुपरवाइजर अरुण कुमार चौबे, रिजर्वेशन सुपरवाइजर अशोक कुमार, रिजर्वेशन सुपरवाइजर ओम प्रकाश साह, टीआई विंध्याचल पाठक, आरपीएफ इंचार्ज कुंदन कुमार सुमित समेत कई रेलकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जो यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करेगी।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, इस नई सेवा से बिहार के लोग दक्षिण भारत के शहरों से सीधे जुड़ सकेंगे, जो आर्थिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

Comment here