राजनीति

‘आप’ ने सोनम वांगचुक पर एनएसए लगाने को बताया तानाशाही

Spread the love

द जनमित्र | शशि

आम आदमी पार्टी (आप) के बक्सर जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षक सोनम वांगचुक पर मोदी सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे सरासर तानाशाही करार देते हुए कहा कि वांगचुक हमेशा से बच्चों की शिक्षा और लद्दाख के लोगों के लिए छठी अनुसूची के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, जमीन तथा राज्य के अधिकारों की मांग करने वाले एक संजीदा इंसान रहे हैं। उन्होंने हिंसा की स्थिति में भी अपना आमरण अनशन तोड़कर शांति बनाए रखने की अपील की थी।

जिला महासचिव रंजीत कुमार ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लद्दाख के लोगों की जो मांगें हैं, वे भाजपा के चुनावी घोषणा-पत्र में पहले से ही दर्ज थीं। लेकिन जब इन्हीं वादों को याद दिलाया गया, तो सोनम वांगचुक पर एनएसए लगाकर उन्हें जेल में डाल दिया गया। कुमार ने आगे कहा, “लद्दाख के लोग सच्चे देशभक्त हैं, जो हमेशा सेना और देश के साथ खड़े रहे हैं। मोदी जी, आप उन्हीं देशभक्तों पर एनएसए लगा रहे हैं। हम सोनम वांगचुक जी के साथ खड़े हैं।”

उन्होंने देशवासियों से अपील की कि लोकतांत्रिक व्यवस्था से प्रेम करने वाले सभी लोगों को सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी का विरोध करना चाहिए। वहीं, अधिवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि आज देश में तानाशाही अपने चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोनम वांगचुक को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की।

इस कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रवि यादव, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री श्री भगवान राम, जिला सचिव गोविंद यादव, जिला संयुक्त सचिव शिवजी चौरसिया, बक्सर विधानसभा अध्यक्ष कैप्टन धर्मराज सिंह यादव, वरिष्ठ नेता एडवोकेट एस. के. सिंह, रंजीत कुमार, विनोद कुमार समेत अन्य साथी उपस्थित रहे।

Comment here