ग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

घाटशिला जेल में हुई बक्सर के जवान की हत्या….

Spread the love

जनमित्र/बक्सर: बक्सर शहर के बाईपास रोड निवासी जैप के जवान की जेल में उनके सहकर्मी द्वारा कुल्हाड़ी से मारकर हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है. दरअसल नगर के बाइपास रोड निवासी तथा झारखंड के घाटशिला जेल में तैनात जैप हवलदार धर्मेन्द्र कुमार सिंह की उनके सहकर्मी ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी है. जैसे ही परिजनों को इसकी सूचना मिली परिजनों ने तुरंत ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बुधवार को बक्सर स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. स्थाई रूप से कैमूर जिले के

रामगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव के धर्मेन्द्र कुमार सिंह जैप में हवलदार के पद पर तैनात थे. सोमवार को रात में करीब नौ बजे हवलदार घाटशिला जेल में अपने ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान बिहार के ही लखीसराय के रहने वाले मनीष कुमार से किसी बात को लेकर बहस हो गई. इस दौरान आरोपित ने हवलदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिसके चलते उनके गर्दन के पीछे की नस कट गई और जैप जवान की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर बक्सर से उनका

एकलौता पुत्र सतीश कुमार सिंह एवं समाजसेवी रामजी सिंह झारखंड पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर बक्सर स्थित आवास पर पहुंचे. उनके साथ जैप बटालियन की एक टुकड़ी भी आई थी. बुधवार को सुबह उनके पुत्र सतीश सिंह ने उन्हें चरित्रवन श्मशान घाट पर मुखाग्नि दी. मृतक की दो पुत्रियां हैं. इस घटना के बाद हवलदार के परिजनों ने सरकार तथा स्थानीय प्रशासन से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. हालांकि दोषी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों का तांता लगा रहा लोगों का कहना है कि धर्मेंद्र सिंह सज्जन एवं मिलनसार व्यक्ति थे.

Comment here