स्थानीय

वरुण बेवरेजेज को 483.51 करोड़ का बड़ा वित्तीय प्रोत्साहन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार सरकार ने नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित वरुण बेवरेजेज लिमिटेड को 483.51 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर कर दी है। बिहार निवेश प्रोत्साहन परिषद की इस फैसले से स्थानीय औद्योगिक विकास को मजबूत बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने नवानगर में शीतल पेय, फ्रूट जूस, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और सोलर एनर्जी उत्पादन की आधुनिक इकाइयां स्थापित की हैं। करीब 70 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में लगभग 600 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वर्ष 2025 में यहां उत्पादन शुरू हो चुका है।

इस परियोजना से करीब 400 लोगों को सीधे रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से और भी कई लोगों को लाभ पहुंचेगा। राज्य सरकार की इस प्रोत्साहन राशि का मकसद बड़े उद्योगों को आकर्षित करना और बिहार में निवेश का सकारात्मक माहौल बनाना है।

दिसंबर 2025 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद इस संयंत्र का दौरा किया था। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया का जायजा लिया और परियोजना की प्रगति पर संतोष जताया। मुख्यमंत्री ने इसे बक्सर के आर्थिक विकास के लिए बेहद उपयोगी कदम बताया था।

नवानगर औद्योगिक क्षेत्र को राज्य का प्रमुख औद्योगिक हब बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। यहां विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) विकसित किया जा रहा है, जिसके बाद और भी बड़े उद्योगों के आने की संभावना बढ़ गई है। इससे आने वाले समय में हजारों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।

विशेषज्ञों का कहना है कि वरुण बेवरेजेज को मिली यह मंजूरी सिर्फ कंपनी के लिए नहीं, बल्कि पूरे बक्सर जिले के औद्योगिक परिदृश्य को नई ऊर्जा देगी। इससे परिवहन, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग, सप्लाई चेन और अन्य सहायक क्षेत्रों में भी तेजी आएगी।

वरुण बेवरेजेज को यह वित्तीय सहायता मिलना बक्सर में निवेशकों के भरोसे को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। इससे जिले की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के द्वार खुलेंगे।

Comment here