स्थानीय

राजद ने नीतीश की ‘समृद्धि यात्रा’ को बताया ‘विदाई यात्रा’

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बक्सर जिला अध्यक्ष शेष नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘समृद्धि यात्रा’ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस यात्रा को ‘विदाई यात्रा’ करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के भाषण उनके कार्यकाल के अंतिम चरण की ओर इशारा कर रहे हैं।

शेष नाथ सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने बक्सर में तैयार किया हुआ भाषण पढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने जमीनी समस्याओं पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया और सिर्फ पुराने वादों को दोहराया।

शेष नाथ सिंह ने कृषि क्षेत्र में सरकार की विफलता पर सबसे ज्यादा निशाना साधा। उन्होंने सोन नहर का उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेजों के समय बनी यह नहर आज अस्तित्व के संकट में है क्योंकि उसकी सफाई नहीं हो रही है।

उन्होंने दावा किया कि जब जगदानंद सिंह जल संसाधन मंत्री थे, तब नहरों की स्थिति अच्छी थी और किसानों को समय पर पानी मिलता था। सिंह ने कहा कि पहले रोहिणी नक्षत्र में धान की बुआई के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध थी, जो अब पूरी तरह बंद हो गई है।

बिहार सरकार की आर्थिक हालत बेहद खराब

राजद जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि उसके आने से पहले बिहार में कोई विकास नहीं हुआ था, जबकि हकीकत इससे उलट है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कल तक राजद को ‘माई-बाप की सरकार’ कहते थे, आज वही अपने परिवार के सदस्यों को आगे बढ़ाने में लगे हैं और पार्टी के नेतृत्व को लेकर भ्रम फैला रहे हैं।

रोजगार और वेतन भुगतान पर सवाल

शेष नाथ सिंह ने कहा कि बिहार सरकार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गई है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्रेजरी में पेंशन को छोड़कर बाकी सभी मदों के भुगतान पर रोक लगा दी गई है।

सड़कों की जर्जर हालत

उन्होंने बक्सर जिले की सड़कों की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। सिंह ने कहा कि जिले की अधिकांश सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं और उनकी मरम्मत तक नहीं हो पा रही है। ठेकेदारों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि सरकार के पास भुगतान करने के लिए पैसा नहीं है, जिससे सभी विकास कार्य ठप पड़े हैं।

शेष नाथ सिंह ने कहा कि जनता अब इन सारी बातों को अच्छी तरह समझ चुकी है और आने वाले समय में इन मुद्दों का जवाब जरूर देगी।

Comment here