स्थानीय

नाथ मंदिर मामलाः लोजपा (रामविलास) ने की जांच की मांग

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

प्रसिद्ध नाथ बाबा मंदिर परिसर से करोड़ों रुपये मूल्य के दो बेशकीमती चंदन वृक्षों की चोरी की घटना ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में व्यापक चिंता पैदा कर दी है। इस मामले में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के निर्देश पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने मंगलवार को बक्सर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह सहित कई कार्यकर्ता उनके साथ मौजूद रहे। वेद प्रकाश पांडेय ने मंदिर परिसर में मौजूद साधु-संतों से विस्तार से बातचीत की और चोरी की घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पांडेय के नेतृत्व में लोजपा (रामविलास) के एक प्रतिनिधिमंडल ने बक्सर के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।

जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोषियों को किसी भी कीमत पर सजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

गौरतलब है कि यह चोरी की घटना हाल ही में सामने आई है, जिसने स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Comment here