स्थानीय

इटाढ़ी क्रॉसिंग खोलने व ओवरब्रिज की जांच की मांग तेज

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

रेलवे यात्री कल्याण समिति ने इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग को तुरंत खोलने और हाल ही में क्षतिग्रस्त हुए ओवरब्रिज की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग को लेकर शनिवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस प्रदर्शन में बक्सर से आरा तक के समिति पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने ओवरब्रिज के उद्घाटन के महज दो दिन बाद हुए नुकसान को लेकर निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण में बड़ी अनियमितताएं बरती गईं, जिसकी जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे के उच्च अधिकारी आम जनता की परेशानियों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। इटाढ़ी क्रॉसिंग के बंद होने से हजारों स्थानीय लोगों को रोजाना कई किलोमीटर लंबा चक्कर काटना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

समिति ने रेलवे प्रशासन को 10 दिन का समय देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में क्रॉसिंग नहीं खोली गई तो आंदोलन का अगला चरण रेलवे ट्रैक पर धरना होगा। शाखा संयोजक वीरेंद्र ओझा ने कहा कि इसकी सारी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन पर होगी।

शाखा महामंत्री सत्येंद्र नारायण सिंह, जिन्होंने धरने की अध्यक्षता की, ने कहा कि यह लड़ाई अब सड़क से लेकर सदन तक चलेगी। दानापुर मंडल के महामंत्री शैलेश ओझा ने भी पुल बंद होने और क्रॉसिंग न खुलने से बढ़ती परेशानी पर चिंता जताई।

इस दौरान इमरान खान और वैद्य एस.के. पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बीजेन्द्र यादव, राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार पटेल, उपाध्यक्ष कामेंद्र सिंह, केंद्रीय सदस्य रासबिहारी राय समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ, जीआरपी, एसआईबी और सीआईबी की भारी तैनाती की गई थी।

बंद पुल पर जन्मदिन पार्टी का वायरल वीडियो, सुरक्षा पर सवाल

इसी बीच, क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज (आरओबी) एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार कारण पुल की तकनीकी खामियां नहीं, बल्कि उस पर आयोजित जन्मदिन समारोह का वायरल वीडियो है। वीडियो में बंद पुल पर टेंट, लाइटिंग, स्टेज और डीजे के साथ धूमधाम से जन्मदिन मनाते लोग साफ दिख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने तहलका मचा दिया है। लोग पूछ रहे हैं कि सुरक्षा कारणों से आम जनता और वाहनों के लिए प्रतिबंधित पुल पर इस तरह का कार्यक्रम कैसे हो गया? एक यूजर ने टिप्पणी की, “जो सरकारी है, वह हमारी है।” दूसरे ने लिखा, “पुल पहले से कमजोर है, डीजे के कंपन से और नुकसान हो सकता है। अनुमति किसने दी?”

ओवरब्रिज बंद होने के बाद रेलवे ने पुरानी गुमटी (समपार फाटक) को भी स्थायी रूप से बंद रखा है। इससे सिकरौल, इटाढ़ी, दिनारा, नावानगर, धनसोई समेत आसपास के इलाकों के लोगों को काफी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

शुरुआत में अधिकारियों ने दावा किया था कि पिलर नंबर-5 के पास मामूली खराबी है, जिसे 15 दिनों में ठीक कर पुल चालू कर दिया जाएगा। लेकिन बाद की जांच में कई गंभीर निर्माण संबंधी खामियां सामने आईं। फिलहाल तीन पिलरों पर एक्सपेंशन ज्वाइंट तोड़कर नई आरसीसी ढलाई का काम चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि अगले दो महीने में पुल के चालू होने की संभावना कम है।

वायरल वीडियो पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की खामियों पर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

Comment here