स्थानीय

पीडीएस दुकानदारों ने उठाई सरकारी सेवक बनाने की मांग

Spread the love

द जनमित्र | शशि

फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन, जिला बक्सर की संयुक्त कार्यकारिणी की सभा किला मैदान में रामलीला मंच पर आयोजित हुई। सभा की अध्यक्षता एसोसिएशन के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण चौबे ने की। सभा में सभी पीडीएस विक्रेताओं ने सरकार से मांग की कि जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों को सरकारी सेवक का दर्जा दिया जाए या फिर 30 हजार रुपये मासिक वेतन प्रदान किया जाए। इसके साथ ही प्रति क्विंटल 300 रुपये की मार्जिन मनी देने की मांग भी उठाई गई।

जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण चौबे ने कहा कि बिहार सरकार के समक्ष उनकी आठ सूत्री मांगें लंबित पड़ी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सभी मांगों को शीघ्र पूरा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिहार सरकार के खाद्य सचिव और विभागीय मंत्री से कई बार बातचीत के बावजूद विक्रेताओं की मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे दुकानदारों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के सभी 55 हजार पीडीएस दुकानदारों को सरकारी सेवक का दर्जा मिलना चाहिए।

प्रवक्ता हीरालाल वर्मा ने सुझाव दिया कि जन वितरण दुकानदारों को दुकान पर वजन किए हुए खाद्यान्न की आपूर्ति होनी चाहिए और पंचायत द्वारा रोस्टर के अनुसार सभी विक्रेताओं को एकसाथ समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। जिला महामंत्री सच्चिदानंद उपाध्याय ने बताया कि जनवरी 2025 से अगस्त 2025 तक जन वितरण दुकानदारों द्वारा खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है, लेकिन सरकार ने प्रति माह मार्जिन मनी देने का वादा किया था, जो अब तक लगभग आठ महीनों से बकाया है। उन्होंने इस राशि के तत्काल भुगतान की मांग की।

अनुमंडल अध्यक्ष भूतेश्वर सिंह ने बताया कि अनुमंडल के सभी विक्रेताओं की पोस मशीनें पुरानी हो चुकी हैं और इन्हें तुरंत बदलने की जरूरत है। जीत नारायण राम ने शिकायत की कि खराब खाद्यान्न की आपूर्ति होने पर उसे वापस करने में राज्य खाद्य निगम आनाकानी करता है।

मुन्ना सिंह यादव ने एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि सभी विक्रेताओं को 50 लाख रुपये का जीवन बीमा प्रदान किया जाए। जिला संगठन मंत्री कुशेश्वर सिंह ने विक्रेताओं से जुलाई तक अपनी सदस्यता ग्रहण करना सुनिश्चित करने का आह्वान किया। महिला मोर्चा जिला सचिव आरती देवी ने कहा कि संगठन के सभी विक्रेताओं को एकजुट होकर ही अपने हक के लिए मजबूती से लड़ाई लड़नी होगी।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, मोहम्मद हदीस, पारस सिंह, नंदजी गिरी, संजय प्रसाद, ओमप्रकाश पासवान, श्रीभगवान राम, धर्मेंद्र सिंह, रमेश यादव, वीरेंद्र लाल, लाल साहब सिंह, शैलेंद्र सिंह, गया प्रसाद चौरसिया, अरविंद सिंह, सोनू शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

Comment here