सोमवार, 23 नवंबर 2026
ताज़ा
कार्तिक पूर्णिमा: नाव परिचालन पर प्रतिबंध, शहर की यातायात व्यवस्था भी बदली पंचकोशी परिक्रमा: सड़कें और सुविधाएं फिर से सवालों में खरवार समाज ने मनाई बिरसा मुंडा की जयंती मनाई पंचकोशी मेला की तैयारियों को लेकर विधायक ने किया का निरीक्षण घने कोहरे के चलते यातायात पड़ा धीमा बक्सर से भागलपुर तक छह लेन एक्सप्रेसवे की तैयारी तेज: सांसद एशियन चैंपियनशिप में बक्सर की बेटी ने जीते तीन पदक आपसी विवाद में भाई को गोली मारी
स्थानीय

जुलाई की बारिश सामान्य से कम, एक अगस्त से येलो अलर्ट

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले में जुलाई महीने के दौरान मानसून कमजोर रहा। पिछले करीब पंद्रह दिनों से बारिश लगभग बंद हो गई है, जिसकी वजह से सामान्य से करीब सात प्रतिशत कम वर्षा दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने एक अगस्त से पांच अगस्त के बीच अच्छी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

बारिश न होने से उमस और गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में नमी घटने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बारिश की कमी के कारण जिले का अधिकतम तापमान भी ऊपर चला गया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग दो डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव न होने के बावजूद उमस के कारण आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून निर्धारित समय से करीब एक सप्ताह देरी से जिले में पहुंचा था। शुरुआत में कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हुई, लेकिन 12 जुलाई के बाद बारिश का सिलसिला लगभग थम गया। आसमान में बादल लगातार दिख रहे हैं, लेकिन बारिश कराने वाले सिस्टम सक्रिय नहीं हो पा रहे। नतीजा यह है कि कई जगहों पर सिर्फ हल्की या छिटपुट बारिश हो रही है।

जुलाई में जिले में औसतन 277.20 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 225.25 मिलीमीटर ही दर्ज हुई है। इस तरह सामान्य से करीब सात प्रतिशत कम बारिश हुई है। इसकी मार खेती पर भी पड़ने लगी है। धान की रोपनी करने वाले किसान पर्याप्त पानी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि जहां रोपनी हो चुकी है वहां खेतों में पानी की कमी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विभाग ने एक से पांच अगस्त तक अच्छी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। अगर इस दौरान अच्छी वर्षा होती है तो किसानों के साथ आम लोगों को भी उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।