स्थानीय

प्रेमी ने दोस्तों संग नाबालिग प्रेमिका का गैंगरेप किया, तीन गिरफ्तार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की के कथित प्रेमी ने ही अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर उसके साथ गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना टाउन थाना क्षेत्र के नाथ बाबा मंदिर रोड पर शनिवार को हुई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथा आरोपी फरार है।

जानकारी के अनुसार, शहर के कृष्णा नगर मोहल्ला निवासी प्रिंस कुमार का पीड़िता से पिछले कुछ वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार को प्रिंस ने अपनी प्रेमिका को मिलने के बहाने नाथ बाबा मंदिर रोड पर बुलाया। वहां पहुंचते ही प्रिंस ने जबरदस्ती उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित करने की कोशिश की। विरोध करने पर प्रिंस ने अपने तीन दोस्तों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने भी पीड़िता पर दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने थाने में दर्ज बयान में दर्दनाक हकीकत बयां की। उसने बताया, “प्रिंस के साथ हमारी बातचीत होती रहती थी। उसने मुझे मिलने बुलाया था, तो मैं गई। वहां प्रिंस ने मेरे साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने अपने तीन दोस्तों को बुला लिया। उन्होंने भी मेरे साथ दरिंदगी की। मैं चीखती-चिल्लाती रही, विरोध किया, लेकिन उन्होंने मेरी एक न सुनी। विरोध पर उसके दोस्तों ने मेरे साथ मारपीट भी की। मैं बदहवास होकर किसी तरह घर पहुंची। हिम्मत जुटाकर परिवार को पूरी घटना बताई, फिर सबके साथ थाने पहुंची और केस दर्ज कराया।”

पीड़िता के लिखित आवेदन पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले प्रिंस की तलाश की गई, जिसकी गिरफ्तारी के बाद उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में ले लिया गया। वर्तमान में तीनों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर तीनों को घटनास्थल पर ले जाकर पुनरावलोकन कराया जा सकता है। साथ ही, इलाके के लोगों से भी पूछताछ जारी है। तीनों की निशानदेही पर चौथे फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है।

टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया, “मामले में POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। तीनों आरोपी गिरफ्तार हैं और उनसे गहन पूछताछ हो रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपी को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।”

यह घटना इलाके में सनसनी फैला रही है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया है।

Comment here