द जनमित्र डेस्क
जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। बिहार में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐपवा बक्सर जिला अध्यक्ष रेखा देवी और जिला सचिव संध्या पाल ने घटना पर गहरी चिंता जताई है।
दोनों नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ऐपवा नेताओं ने कहा कि किरनी या जहानाबाद की छात्रा वाली घटना हो, बिहार सरकार इन मामलों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह असफल रही है।

नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक यौन अपराधियों को सजा नहीं मिलेगी, ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। ऐपवा ने मांग की कि मासूम बच्ची को तुरंत न्याय मिले। पीड़िता के परिवार को सदमा तो लगा ही है, साथ ही उन्हें धमकाने-डराने की भी कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नवनिर्मित मकान से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंचे। बच्ची की हालत देखकर सबके होश उड़ गए। परिजनों को सूचना मिलते ही वे बच्ची को लेकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों की प्राथमिक जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ऐपवा नेताओं ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की सही ढंग से जांच हो, पोक्सो एक्ट के तहत स्पीडी ट्रायल चलाकर मुख्य आरोपी को सजा दिलाई जाए।


Comment here