द जनमित्र डेस्क
बक्सर। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच जिला प्रशासन ने प्रसिद्ध रामरेखा घाट को आदर्श घाट के रूप में विकसित करने का फैसला लिया है। उत्तरायण गंगा के किनारे बसे इस ऐतिहासिक घाट पर इस बार श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं और आकर्षक माहौल सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है।
हर वर्ष छठ के दौरान बक्सर के साथ आसपास के जिलों और दूरदराज से बड़ी संख्या में भक्त यहां सूर्य को अर्घ्य चढ़ाने पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने घाट को मॉडल घाट बनाने पर जोर दिया है।



जिलाधिकारी साहिला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घाट की सफाई, रंग-रोगन और सजावट का काम जल्द पूरा किया जाए। भीड़ को नियंत्रित रखने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रवेश तथा निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए जाएंगे। जगह-जगह दिशा-निर्देश वाले बोर्ड और फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे।
इस बार घाट पर लाइट एंड साउंड शो के साथ लेजर शो कराने की भी तैयारी है। नगर परिषद को इसके संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा। आसपास के प्रमुख स्थलों को भी आकर्षक तरीके से सजाया जाएगा ताकि घाट का सौंदर्य बढ़े और भक्तों को नया अनुभव मिले।
यह भी पढ़ेंशादी की तैयारियां रह गईं अधूरीः युवक की करंट से मौत
सुरक्षा के मोर्चे पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। खराब कैमरों की मरम्मत के साथ जरूरत पड़ने पर अस्थायी कैमरे भी लगाए जाएंगे। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, नियमित गश्त और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रामरेखा घाट के अलावा जिले के अन्य छठ घाटों पर भी साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत और समतलीकरण का काम भी कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैयार रखने को कहा गया है, जबकि आपदा प्रबंधन विभाग गहरे पानी वाले क्षेत्रों में गोताखोर और बचाव दल तैनात करेगा।
जिलाधिकारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने प्रखंड में कम से कम एक घाट गोद लें और वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। नियमित निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर करने पर भी जोर दिया गया है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार रामरेखा घाट पर श्रद्धालुओं को स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के साथ छठ का अनुभव मिले और यह घाट आदर्श घाट के रूप में अपनी पहचान बनाए।




