स्थानीय

नवानगर औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव : सासंद

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह ने नवानगर औद्योगिक क्षेत्र को स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन (SEZ) घोषित होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं के अभाव में पड़े होने को लेकर बिहार सरकार पर गंभीर उदासीनता का आरोप लगाया है।

सांसद ने बताया कि उन्होंने संसद सदस्य बनते ही मात्र दो महीने के अंदर नवानगर को SEZ बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया था। केंद्र ने प्रस्ताव स्वीकार कर इसे SEZ घोषित कर दिया, लेकिन १५ महीने बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार ने SEZ के अनुरूप बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं।

“बड़े उद्योग लगने की जगह छोटे-मोटे प्लॉट ही लग पा रहे हैं। इसका सीधा कारण बिजली और पानी का संकट है। इससे जिले के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार नहीं मिल पा रहा,” सांसद ने कहा।

पावर ग्रिड नहीं, उद्योग नहीं
सुधाकर सिंह ने सबसे बड़ी बाधा निर्बाध बिजली आपूर्ति को बताया। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों के लिए नवानगर SEZ में अलग पावर ग्रिड स्टेशन जरूरी है। उन्होंने स्वयं तीन बार बिजली विभाग के आला अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखा और मुलाकात की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

गंगा पास, पानी दूर
सांसद ने जल संकट पर गहरी चिंता जताई। पूरा नवानगर क्षेत्र ‘डार्क ज़ोन’ घोषित है। खेती के साथ-साथ उद्योग भी पानी के अभाव में दम तोड़ रहे हैं। सिंह ने कहा, “गंगा नदी महज कुछ किलोमीटर दूर है। पंप के जरिए पानी लाने की योजना बनाई जा सकती है, लेकिन सरकार इस दिशा में भी कोई पहल नहीं हुई।”

ट्रैफिक जाम से निजात के लिए दो बड़े सुझाव
सांसद ने शहर की बढ़ती ट्रैफिक समस्या पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि बक्सर में प्रस्तावित गंगा पुल का निर्माण शहर से दूर किया जाए, ताकि गोलंबर क्षेत्र में भारी वाहनों का दबाव कम हो और जाम से स्थायी निजात मिले। साथ ही कोरानसराय से सरेंजा तक चौबे की छावनी मार्ग को चौड़ा कर विकसित करने की मांग की, जिससे शहर के अंदरूनी ट्रैफिक का बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा।

अंत में सुधाकर सिंह ने स्पष्ट कहा, “बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलते ही नवानगर औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो सकता है। इससे बक्सर के हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और जिले का आर्थिक चेहरा बदल जाएगा। बक्सर का समग्र विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए मैं लगातार संघर्ष करता रहूंगा।”

Comment here