स्थानीय

झारखंड पुलिस ने पशु तस्कर के घर पर चिपकाया नोटिस

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

झारखंड पुलिस ने पांच वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात पशु तस्कर मुमताज अंसारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बिहार के बक्सर जिले के नया भोजपुर स्थित उसके पैतृक घर पर अदालती नोटिस चस्पा कर दिया है। दुमका सिविल कोर्ट के आदेश पर चिपकाए गए इस इश्तेहार में मुमताज को 20 दिसंबर तक अदालत में आत्मसमर्पण करने का अंतिम अवसर दिया गया है।

यह मामला साल 2019 का है, जब रानेश्वर थाना क्षेत्र में झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम-2005 के तहत मुमताज अंसारी (पिता- स्व. मुख्तार अंसारी) के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तब से वह लगातार फरार चल रहा था। कई बार समन और वारंट जारी होने के बावजूद वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ, जिसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट और अब इश्तेहार जारी करने का आदेश दिया।

गुरुवार को रानेश्वर थाना के उप निरीक्षक विशाल खलखो व अजय कुमार के नेतृत्व में झारखंड पुलिस की एक विशेष टीम नया भोजपुर पहुंची। नया भोजपुर थाना पुलिस के सहयोग से टीम ने आरोपी के घर पर नोटिस चिपकाया और परिवार के सदस्यों को अदालत के आदेश की प्रति सौंपी। पुलिस ने परिजनों को साफ चेतावनी दी कि यदि मुमताज निर्धारित तिथि तक हाजिर नहीं होता, तो कोर्ट के अगले आदेश पर उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

नया भोजपुर थाना अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया, “फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। आम जनता से अपील है कि यदि मुमताज अंसारी के ठिकाने या गतिविधियों की कोई सूचना हो तो तुरंत पुलिस को दें।”

इश्तेहार चस्पा होने के बाद नया भोजपुर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोग झारखंड पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या मुमताज 20 दिसंबर से पहले अदालत के सामने आत्मसमर्पण करेगा या पुलिस को कुर्की की अगली कार्रवाई करनी पड़ेगी।

Comment here