स्थानीय

नाला निर्माण में लापरवाही: दो मंजिला मकान भरभराकर गिरा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

नगर परिषद क्षेत्र के अहिरौली वार्ड संख्या 38 में नाला निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी से मकान के पास गहरी खुदाई करने के कारण एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर ढह गया। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मकान के गिरने का भयावह दृश्य कैद हुआ है।

गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जान का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, मलबे में दबकर परिवार की करीब 10 बकरियां मर गईं। इसके अलावा टेंट का लाखों रुपये का सामान, फर्नीचर और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह नष्ट हो गईं। पीड़ित परिवार का अनुमान है कि उन्हें 10 से 15 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

पीड़ित मकान मालिक अब्दुल हामिद ने बताया कि नगर परिषद द्वारा वार्ड में नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्धारित चार फीट की जगह पर 10 फीट तक मिट्टी की खुदाई की जा रही थी, जो मकान की नींव के बेहद करीब थी। सोमवार दोपहर जेसीबी से खुदाई के दौरान तेज कंपन हुआ, जिससे पहले मकान का मुख्य दरवाजा गिरा। परिवार के सदस्य तुरंत बाहर निकल आए। छत पर धूप सेंक रही महिलाएं पास के रिश्तेदार के मकान पर भागकर सुरक्षित हो गईं। कुछ ही पलों में पूरा मकान परिवार की आंखों के सामने मलबे में तब्दील हो गया।

जेसीबी चालक ने स्थिति बिगड़ते देख गड्ढे में मिट्टी भरने की कोशिश की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के कुछ मकानों में दरारें पड़ गईं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार की महिला सदस्य साबुराना बीबी ने आंसुओं के साथ बताया कि निर्माण एजेंसी ने घर की नींव तक मिट्टी हटा दी थी। मना करने के बावजूद काम नहीं रोका गया। पुराना नाला तोड़कर नया बनाने से नींव कमजोर हो गई। उन्होंने कहा, “मेरे बेटों ने मेहनत-मजदूरी से यह मकान बनाया था, जो पल भर में खत्म हो गया।”

सूचना पर डायल 112 पुलिस और औद्योगिक थाना की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में तकनीकी मानकों और सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा जा रहा।

पीड़ित परिवार और इलाके के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर तत्काल मुआवजा दिया जाए तथा आगे के कार्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। नगर परिषद की ओर से मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Comment here