स्थानीय

नया बाजार में स्पाइडर मैन थीम पर बन रहा दुर्गापूजा पंडाल

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

दुर्गापूजा के मौके पर शहर के पंडाल अपनी भव्यता और अनोखी सजावट से श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। इस बार नया बाजार में नजारा कुछ अलग होने जा रहा है। वार्ड संख्या चार में नया बाजार पोखरा के पास आदर्श युवा क्लब यानी डीपीएस क्लब हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर मैन-2 के एक रोमांचक दृश्य को पंडाल का रूप दे रहा है।

ऊंची इमारतों के बीच पटरी पर बेकाबू दौड़ती मेट्रो रेल को रोकते स्पाइडर मैन की थीम पर तैयार हो रहा यह पंडाल मेले में लोगों का खास आकर्षण बनने वाला है। पंडाल में उस दृश्य को जीवंत करने की कोशिश की जा रही है जिसमें सुपरहीरो अपने जाल के सहारे मेट्रो को रोकता है और उसे नदी में गिरने से बचा लेता है। आसपास स्पाइडर मैन और विलेन के बीच संघर्ष के दृश्य भी दिखेंगे।

स्थानीय युवा और क्लब के सदस्य मिलकर इस पंडाल का निर्माण कर रहे हैं। समिति हर साल कुछ नया करने का प्रयास करती है और इस बार फिल्मी कल्पना को जमीन पर उतारने में जुटी है। सदस्य शिवजी के अनुसार पंडाल के अगले हिस्से की ऊंचाई 32 फीट और पिछले हिस्से की 60 फीट रखी जाएगी। चौड़ाई 50 फीट और लंबाई 60 फीट होगी। पूजा आयोजन पर करीब नौ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

नया बाजार का डीपीएस क्लब अपने अनोखे पंडालों के लिए पहले से जाना जाता है। समिति ने पहले वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, बुर्ज खलीफा, बद्रीनाथ मंदिर, पशुपतिनाथ मंदिर और मोगली की जंगल बुक जैसी थीम पर पंडाल बनाए थे। इन प्रस्तुतियों से स्थानीय युवाओं ने अपनी रचनात्मकता और सामूहिक मेहनत दिखाई है। इस बार स्पाइडर मैन की थीम के जरिए फिल्मी रोमांच को दुर्गापूजा के उत्सव से जोड़ने की कोशिश हो रही है।

समिति के मुताबिक सप्तमी से दुर्गापूजा मेला शुरू होगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आने वाले हैं इसलिए पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिमा निर्माण का काम बंगाल के कारीगर अभिजीत पाल और उनकी टीम कर रही है।

डीपीएस क्लब में दुर्गापूजा की परंपरा वर्ष 1990 में अर्जुन ठाकुर, मासा पंडितजी, शमशेर मास्टर और अन्य स्थानीय लोगों ने शुरू की थी। तीन दशक से ज्यादा समय से यह आयोजन स्थानीय सहयोग से चल रहा है। क्लब के अध्यक्ष आशीष कुमार सिंह, सचिव जीतेन्द्र गांधी, कोषाध्यक्ष अनुज कुमार समेत अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में लगे हैं।

इस बार नया बाजार का पंडाल सिर्फ पूजा स्थल नहीं रहेगा बल्कि फिल्मी दुनिया के चर्चित दृश्य को करीब से देखने का मौका भी देगा। श्रद्धालु इंतजार कर रहे हैं कि स्पाइडर मैन किस अंदाज में मेट्रो को रोकता नजर आएगा और यह अनोखी थीम मेले में कितनी चर्चा बटोरेगी।

Comment here