द जनमित्र | शशि
जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) संजय कुमार ने यातायात नियमों के पालन पर जोर देते हुए महत्वपूर्ण बातें साझा की हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सड़कों पर व्यवस्था, अनुशासन और सबसे बढ़कर सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आधार हैं। इनका पालन न सिर्फ खुद की जान बचाता है, बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे से दूर रखता है।




डीटीओ ने चिंता जताई कि जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और नियमों की अनदेखी के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस चालान के जरिए कार्रवाई तो कर रही है, मगर बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्त कदम उठाया जाएगा। खास तौर पर, ऐसे वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू होगी। संजय कुमार ने बताया कि लाइसेंस रद्द करने का कदम सड़क अनुशासन को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में उठाया जा रहा है। नियम तोड़ने की सजा सिर्फ चालान तक सीमित नहीं, बल्कि भारी जुर्माना भी देना पड़ सकता है।
उन्होंने गति सीमा के उल्लंघन को विशेष रूप से खतरनाक बताया, जिसके लिए चालान और जुर्माने का सख्त प्रावधान है। साथ ही, वाहन चालकों को सलाह दी कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी), प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) और बीमा जैसे जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखें। डीटीओ ने बताया कि अक्सर लोग आरसी और बीमा तो दुरुस्त रखते हैं, लेकिन प्रदूषण प्रमाण पत्र की अनदेखी करते हैं, जो कि अनिवार्य है।
डीटीओ ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी से न सिर्फ सजा और जुर्माना होगा, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। अतः सभी से यह अपेक्षित है कि यातायात नियमों का पालन करें।


Comment here