स्थानीय

समाज और मीडिया की नैतिकता पर एकदिवसीय परिचर्चा आयोजित

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध डी.के. कॉलेज, डुमराँव में शुक्रवार को “लोकतंत्र, समाज और मीडिया की नैतिकता” विषय पर एकदिवसीय परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य सूचना आयोग के आयुक्त श्री प्रकाश कुमार, मुख्य वक्ता के रूप में बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. राम कृष्ण ठाकुर तथा महाविद्यालय निरीक्षक श्री राजू मोची उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज की संस्थापिका धरीक्षणा कुँवरी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके की गई। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया, जिसमें साहिल कुमार सिंह, अभिनव गिरी, शंकर गौड़, मधु मिश्रा सहित अन्य कैडेट्स शामिल रहे। छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर अतिथियों का अभिनंदन किया।

परिचर्चा में सभी वक्ताओं ने विषय पर गहन विचार व्यक्त किए। मुख्य वक्ता प्रो. नवल किशोर यादव ने कहा कि वर्तमान समय में नैतिकता की शिक्षा कहीं नहीं दी जा रही है और समाज में भी इसका अभाव दिखाई देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें स्वयं नैतिकता का पाठ पढ़ना और अपनाना होगा।

मुख्य अतिथि श्री प्रकाश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नैतिकता समाज के अनुसार बदलती रहती है। एक समाज की नैतिकता दूसरे समाज के लिए अनैतिक हो सकती है, इसलिए इसका गहन विश्लेषण आवश्यक है। कॉलेज की प्राचार्या को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा, “महाविद्यालय के विकास के लिए यदि प्रोटोकॉल तोड़ना पड़े तो मैं प्रोटोकॉल तोड़ दूंगा।”

कार्यक्रम में कॉलेज द्वारा प्रकाशित न्यूजलेटर का विमोचन भी किया गया। प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी सहित शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने अतिथियों को शॉल, बुके और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रवि रंजन पाण्डेय ने उपस्थित पत्रकारों का भी सम्मान किया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या प्रो. वीणा कुमारी ने कहा कि शिक्षा और अनुशासन कॉलेज के विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास के लिए विश्वविद्यालय से विभिन्न विषयों में स्नातकोत्तर विभाग खोलने का अनुरोध किया गया है, जिसमें विश्वविद्यालय ने सकारात्मक रुख दिखाया है।

कुलसचिव प्रो. राम कृष्ण ठाकुर ने आश्वासन दिया कि कॉलेज के सभी कार्यों के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। मंच संचालन डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कुशलतापूर्वक किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनोद कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Comment here