स्थानीय

पूर्व शिक्षक सुदामा सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि मनाई गई

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत सिकठी गांव में आकांक्षा ट्रस्ट के संस्थापक एवं पूर्व शिक्षक स्वर्गीय सुदामा सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि बड़ी श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महान शिक्षाविद् की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उनके पुत्र एवं आकांक्षा ट्रस्ट के सचिव इंजीनियर रवि प्रकाश ने की। पुण्यतिथि के मौके पर सत्संग सह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्वर्गीय सुदामा सिंह के तैल चित्र पर उपस्थित लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए लोगों ने उनके नेकदिल व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। श्रद्धालुओं ने कहा कि मास्टर साहब नेक दिल के इंसान थे। वे हमेशा लोगों को शिक्षित करने और सत्संग के माध्यम से समाज में अच्छे कार्य करने के लिए प्रेरित करते रहे।

उनके पुत्र पूर्व जिला पार्षद सुनील यादव और इंजीनियर रवि प्रकाश ने बताया कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी पिताजी सत्संग के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए संकल्पित रहे। उन्होंने अपने शिक्षक जीवन में छात्रों को न केवल किताबी शिक्षा दी, बल्कि व्यवहारिक रूप से भी शिक्षित करने का कार्य किया। समाज में शिक्षा का अलख जगाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

श्रद्धांजलि सभा में राधिका देवी, मुन्ना ठाकुर, मिथलेश यादव, सत्संगी हरसूदयाल महात्मा, श्याम सुंदर जी, सुनील कुमार, लालजी राम, नंदजी सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय सुदामा सिंह के जीवन और शिक्षाओं को याद कर सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Comment here