स्थानीय

बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक पर बक्सर कोर्ट में शिकायत

Spread the love

द जनमित्र | शशि

राहुल गांधी की तस्वीर से छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय आलोक के लिए मुसीबत बन सकता है। बक्सर के कांग्रेस समर्थक और अधिवक्ता राम प्रतीक चौबे ने इस मामले में बक्सर कोर्ट में शिकायत दर्ज की है। उन्होंने आरोप लगाया कि आलोक ने राहुल गांधी के साथ रायबरेली विधायक अदिति सिंह की तस्वीर में अदिति की जगह पाकिस्तानी जासूसी के आरोप में पकड़ी गई ज्योति मल्होत्रा का चेहरा जोड़कर भ्रामक और अपमानजनक पोस्ट शेयर की।

शिकायत के मुताबिक, यह पोस्ट 22 मई 2025 को दोपहर 12:45 बजे आलोक के ‘X’ अकाउंट से डाली गई, जिसमें राहुल गांधी को पाकिस्तानी एजेंटों का साथी दिखाने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह पोस्ट फर्जी है और इसका मकसद कांग्रेस की छवि खराब करना, साथ ही समाज में भ्रम और नफरत फैलाना था।
राम प्रतीक चौबे ने कहा कि एक कांग्रेस समर्थक के तौर पर उन्हें इस पोस्ट से गहरा मानसिक आघात पहुंचा। उनका आरोप है कि यह पोस्ट जानबूझकर पार्टी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश थी। उन्होंने आईटी एक्ट की धारा 67 और बीएनएस की धारा 353(1) के तहत कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में दो गवाहों—दीपक कुमार (सरेंजा, राजपुर) और कन्हैया सिंह (बुधनपुरवा, बक्सर)—के नाम भी दिए गए हैं, जो पोस्ट देख चुके हैं और कोर्ट में गवाही देने को तैयार हैं।
उन्होंने कोर्ट से मांग की है कि इस फर्जी पोस्ट के लिए आलोक के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं। यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत मानहानि तक सीमित नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों की साख से भी जुड़ा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कोर्ट क्या फैसला सुनाता है और आलोक को इसका कितना कानूनी सामना करना पड़ता है।

Comment here