द जनमित्र | शशि
बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डुमराँव के संयुक्त तत्वावधान में कल यानी 27 नवंबर 2025 को एक बड़ा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किया जा रहा है।

गुजरात की प्रमुख रेफ्रिजरेशन उपकरण निर्माता कंपनी वेस्टर्न रेफ्रिजरेशन प्राइवेट लिमिटेड इस एक दिवसीय रोजगार मेले में शामिल हो रही है और फ्रेशर ट्रेनी (FTC) के 300 पदों पर सीधी भर्ती करेगी। चयनित युवाओं को 19,600 रुपये मासिक CTC के साथ वलसाड (गुजरात) स्थित कंपनी के प्लांट में नौकरी मिलेगी।
योग्यता के मानदंडों के अनुसार अभ्यर्थी की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा 2015 से 2025 बैच तक का किसी भी ट्रेड में आईटीआई पास होना अनिवार्य है। पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क और पूरी तरह पारदर्शी रहेगी।
राजकीय आईटीआई डुमराँव के प्राचार्य मोहम्मद मसूद रशीद ने बताया कि यह आयोजन बक्सर जिले और आसपास के क्षेत्रों के तकनीकी प्रशिक्षित युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से सुबह 10 बजे से पहले संस्थान परिसर में पहुंचने की अपील की है।
आवेदकों को अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य जरूरी दस्तावेज अवश्य लाने होंगे। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि चयन के नाम पर किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
यह प्लेसमेंट कैंप ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा की औद्योगिक इकाइयों से जोड़ने और बिहार में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Comment here