द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिला प्रशासन के तत्वावधान में कल 21 फरवरी (शनिवार) को किला मैदान में ‘विश्वामित्र महोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह सांस्कृतिक उत्सव दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं और पूरे शहर में उत्साह का माहौल छाया हुआ है।

जिला प्रशासन ने किला मैदान में भव्य पंडाल तैयार किया है, जिसमें मुख्य प्रवेश द्वार पर आकर्षक स्वागत गेट स्थापित किया गया है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पंडाल को कई हिस्सों में विभाजित किया गया है। जिलाधिकारी ने स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
महोत्सव में देशभर से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। बॉलीवुड गायिका भव्या पांडेय अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी, जबकि लोक गायिका माधव प्रिया शर्मा पारंपरिक लोकगीतों से माहौल को रोमांचक बनाएंगी। इसके अलावा कोलकाता का स्पीड डांस ग्रुप और पटना का राधा सिंघा डांस ग्रुप भी रंगारंग नृत्य प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नगर परिषद द्वारा मैदान के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा है। बिहार सरकार के सूचना एवं जन-संपर्क विभाग द्वारा भी आयोजन का जोरदार प्रचार किया जा रहा है।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य बक्सर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना है। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस सांस्कृतिक धरोहर को सफल बनाएं। लोग 21 फरवरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


Comment here