स्थानीय

दो घरों में चोरी, छह आरोपी हिरासत में

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर नगर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित अकौरा पथ पर दो घरों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। इस सिलसिले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में एक जेवरात व्यवसायी भी शामिल है, जिस पर चोरी के गहनों को पिघलाकर बेचने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुराना गैस सिलेंडर, पीतल और कांसे के बर्तन समेत चोरी का कई सामान बरामद किया है। अब चोरी के आभूषणों को ठिकाने लगाने वाले कथित नेटवर्क की भी जांच चल रही है।

पुलिस के अनुसार, नया बाजार के अकौरा पथ पर 17 से 24 सितंबर के बीच दो मकानों में सेंधमारी हुई थी। चोरों ने घरों से कीमती सामान और आभूषण उठा लिए थे। पीड़ितों की शिकायत पर जांच शुरू हुई। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मामले की गहन पड़ताल की गई।

विशेष टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। वैज्ञानिक तरीकों से संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश भी की गई। मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहन राम, सन्नी देवओल, मनदीप कुमार, शुभम कुमार, बजरंगी प्रसाद और हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। इनमें बजरंगी प्रसाद नाम का जेवरात व्यवसायी शामिल है। पुलिस का कहना है कि उस पर चोरी के गहनों को गलाकर बेचने का आरोप है। पकड़े गए अन्य पांच आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने चोरी के आभूषण इसी व्यवसायी को सौंपे थे।

इस खुलासे के बाद पुलिस चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और उसे खपाने से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपियों की निशानदेही पर बरामद वस्तुओं के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Comment here