द जनमित्र डेस्क
शनिवार को रामरेखा घाट पर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगे अवैध कब्जों को पूरी तरह हटा दिया। नगर परिषद की टीम ने जिलाधिकारी के निर्देश पर यह अभियान चलाया, जिससे वर्षों से चली आ रही भीड़-जाम और अव्यवस्था की समस्या दूर हो गई है।

रामरेखा घाट बक्सर जिले का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा के लिए पहुंचते हैं। लेकिन मुख्य सड़क के किनारे मिठाई, पूजा सामग्री, खिलौने और अन्य दुकानों के अस्थायी अतिक्रमण के कारण रास्ता इतना संकरा हो गया था कि श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। त्योहारों और विशेष अवसरों पर स्थिति और भी विकट हो जाती थी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में चले इस अभियान में बुलडोजर की मदद से अवैध दुकानों और संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने कड़ी मुस्तैदी से कार्रवाई पूरी की।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अब घाट तक पहुंचना आसान हो गया है और धार्मिक स्थल की गरिमा भी बनी रहेगी।


Comment here