द जनमित्र डेस्क
बक्सर: पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया
बक्सर। महाराजगंज के पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे सुधीर सिंह को बक्सर पुलिस ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वाहन जांच के दौरान उन्हें नशे की हालत में पाया गया, जिसके बाद औद्योगिक थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह सेतु पर अरेस्ट किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उत्तर प्रदेश से बक्सर की सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों की नियमित चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोकने का इशारा किया। गाड़ी में सवार युवक सुधीर सिंह ने रुकने के बाद पुलिसकर्मियों से तीखी बहस की और कथित तौर पर धौंस दिखाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख जवानों ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। निर्देश पर युवक को थाने लाया गया, जहां मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई।
औद्योगिक थाना प्रभारी ने भी नशे की पुष्टि की है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। तलाशी में कोई हथियार नहीं मिला।
सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा, “संबंधित व्यक्ति को नशे की हालत में पकड़ा गया है। नियमों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। हालांकि तलाशी के दौरान किसी प्रकार का हथियार बरामद नहीं हुआ है।”
सुधीर सिंह राजनीतिक परिवार से हैं। उनके पिता दीनानाथ सिंह विधायक रह चुके हैं, जिनका पिछले साल जुलाई में निधन हो गया था। चाचा प्रभुनाथ सिंह महाराजगंज से सांसद रहे हैं। चचेरे भाई रणधीर सिंह वर्तमान में सारण जिले की मांझी विधानसभा से जेडीयू के विधायक हैं।


Comment here