स्थानीय

विकलांगों के लिए आज से दो दिवसीय जॉब कैंप

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर। बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा विकलांग अभ्यर्थियों के लिए दो दिवसीय विशेष जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप 15 और 16 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे से संयुक्त श्रम भवन, आईटीआई परिसर स्थित जिला नियोजनालय बक्सर में चलेगा।

इस विशेष रोजगार शिविर में सार्थक एजुकेशनल ट्रस्ट, जन विकास क्रांति, रस्तोगी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, एनसीएससी डीए पटना, अपोज़ ट्रेनिंग, यूथ फॉर जॉब्स और फ्लिपकार्ट जैसी प्रमुख कंपनियां भाग ले रही हैं। इन कंपनियों द्वारा आर्टिस्ट (वुड), रिटेल/आईटी, टेलीकॉलर, वेयरहाउस, ट्रेनी, जी.डी.ए. और जनरल ड्यूटी असिस्टेंट जैसे विभिन्न पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इन पदों के लिए मासिक वेतन 8,000 से 20,000 रुपये तक रखा गया है और कुल मिलाकर कई दर्जन रिक्तियां हैं। चयनित उम्मीदवारों का कार्यस्थल बक्सर, पटना या बिहार के अन्य जिलों में हो सकता है।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि कैंप में भाग लेने वाले विकलांग अभ्यर्थियों को अपने साथ विकलांग प्रमाण पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं अंक पत्रों की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साइज के दो रंगीन फोटो अनिवार्य रूप से लाने होंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जॉब कैंप पूर्णतः निशुल्क है और यहां नियोजक निजी क्षेत्र की कंपनियां हैं, इसलिए नियोजन की सभी शर्तों के लिए कंपनियां स्वयं जिम्मेदार होंगी। जिला नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभा रहा है।

अभ्यर्थियों को एनसीएस पोर्टल (www.ncs.gov.in) पर पहले से ऑनलाइन निबंधन कराना अनिवार्य है। जिन्होंने अभी तक निबंधन नहीं कराया है, वे कैंप स्थल पर भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। एनसीएस पोर्टल पर निबंधन भी पूरी तरह मुफ्त है।

प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी इच्छुक विकलांग रोजगार चाहने वालों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय विशेष जॉब कैंप में अवश्य भाग लें और रोजगार के इन सुनहरे अवसरों का लाभ उठाएं। कैंप के दौरान अभ्यर्थियों को व्यवसायिक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें उचित करियर विकल्प चुनने में मदद मिलेगी।

Comment here