द जनमित्र डेस्क
जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी तक दो पालियों में होगा। जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर जूता-मोजा पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। उन्हें परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू होगी और इसके लिए गेट सुबह 9 बजे बंद कर दिए जाएंगे। दूसरी पाली दोपहर 2 बजे शुरू होगी, जिसके लिए गेट 1:30 बजे बंद रहेंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रवेश पत्र और फोटोयुक्त पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की दो स्तरों पर तलाशी ली जाएगी। नकल करते पकड़े जाने, जबरन प्रवेश करने या किसी नियम का उल्लंघन करने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जिले में कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर 24,302 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन, पुलिस और जोनल टीमों द्वारा परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी समस्या या सहायता के लिए परीक्षार्थी बक्सर के जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकते हैं।
परीक्षा केंद्रों के बाहर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे कि कोई भी छात्र नकल करने वाले उपकरण लेकर अंदर न जाए। केंद्राधीक्षक द्वारा परीक्षा से पहले सभी शिक्षकों और कर्मियों को परिचय-पत्र जारी किया जाएगा। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा अवधि में परिचय-पत्र साथ रखें और निरीक्षण के दौरान दिखाएं। परिचय-पत्र के बिना पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई होगी।
प्रवेश द्वार पर अनिवार्य तलाशी होगी, जिसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहेंगे। महिला परीक्षा केंद्रों पर केवल महिला केंद्राधीक्षक और महिला वीक्षक ही तैनात रहेंगी, जबकि पुरुष वीक्षक सुरक्षित दूरी पर रहेंगे। दूसरे स्तर पर परीक्षा कक्ष में बैठने के बाद एक-एक परीक्षार्थी की वीक्षक द्वारा फ्रिस्किंग की जाएगी।


Comment here