स्थानीय

डीएसपी की सरकारी गाड़ी का हुआ हादसा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर के धरहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब दस बजे फोरलेन सड़क पर एक सड़क दुर्घटना हो गई। डुमरांव थाना क्षेत्र के प्रभारी अनुमंडल पुलिस अधिकारी एवं बक्सर के साइबर पुलिस उपाधीक्षक समीर कुमार सिंह की सरकारी गाड़ी सड़क किनारे खड़े पानी भरे टेंपो से भिड़ गई। यह टक्कर एक साइकिल सवार बुजुर्ग को बचाने के प्रयास में हुई।

दुर्घटना में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। साइकिल पर सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हुए। स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सुबह एक बुजुर्ग व्यक्ति अचानक साइकिल लेकर फोरलेन सड़क पार करने लगे। ठीक उसी समय सामने से साइबर पुलिस उपाधीक्षक की सरकारी कार आ रही थी। वृद्ध को अचानक सड़क पर देख चालक ने उन्हें बचाने के लिए गाड़ी घुमाई। इसी कोशिश में कार सड़क किनारे खड़े पानी वाले टेंपो से टकरा गई। टक्कर जोरदार थी जिससे दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

जानकारी के मुताबिक पानी से लदा टेंपो सड़क किनारे खड़ा था। उसका चालक पप्पू पास की दुकान से दूध लेने गया था। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। टक्कर के बाद टेंपो में रखी पानी की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। टेंपो का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। डीएसपी की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान हुआ।

घायल बुजुर्ग के सिर और एक हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर इलाज कर रहे हैं।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जुट गई जिससे कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की और यातायात बहाल किया।

टेंपो मालिक पप्पू पानी वाले ने बताया कि वह पानी बेचकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि टेंपो सड़क किनारे खड़ा कर थोड़ी दूर दूध लेने गए थे। लौटने पर देखा कि टेंपो में जोरदार टक्कर लगी है। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और पानी की बोतलें सड़क पर बिखरी पड़ी थीं।

दुर्घटना के बाद साइबर पुलिस उपाधीक्षक समीर कुमार सिंह ने टेंपो मालिक को आश्वासन दिया कि वाहन की मरम्मत करा लें उसका खर्च वे खुद वहन करेंगे।

इस घटना में साइबर पुलिस उपाधीक्षक उनके वाहन में सवार पुलिसकर्मी और टेंपो मालिक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सबसे अधिक चिंता घायल बुजुर्ग की हालत को लेकर है जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

Comment here