स्थानीय

बक्सर ने कैमूर को 2 विकेट से हराया, कप्तान निखिल मैन ऑफ द मैच

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

शाहाबाद जोन में चल रही बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर पुरुष वर्ग हेमन ट्रॉफी के एक रोमांचक मुकाबले में बक्सर जिला क्रिकेट टीम ने मजबूत कैमूर को 2 विकेट से मात देकर ऐतिहासिक जीत हासिल की। यह जीत बक्सर के लिए लंबे समय बाद जोनल स्तर पर मिली बड़ी सफलता मानी जा रही है।

कैमूर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित ओवरों में 213 रनों का स्कोर खड़ा किया। बक्सर की ओर से कप्तान निखिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और टीम को मजबूत वापसी का मौका दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बक्सर टीम ने 45.5 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 214 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान निखिल ने नाबाद 144 रनों की जिम्मेदार और यादगार पारी खेली, जिसके दम पर टीम जीत तक पहुंची। उनके उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन (5 विकेट + 144 रन) के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

बक्सर जिला क्रिकेट संघ के अनुसार यह पहली बार है जब सीनियर वर्ग में बक्सर ने कैमूर जैसी सशक्त टीम को हराकर जोन में अपनी ताकत दिखाई है। इस जीत का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के साथ-साथ संघ की पारदर्शी चयन प्रक्रिया, अनुशासित प्रशिक्षण और बेहतर प्रबंधन को भी दिया जा रहा है।

संघ ने कहा है कि प्रतिभाओं को निखारने, निष्पक्षता बनाए रखने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के प्रयास जारी रहेंगे। टीम के सभी सदस्यों और सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी गई है तथा आने वाले मैचों के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।

Comment here