द जनमित्र डेस्क
बिहार के बक्सर जिले में पुलिस विभाग की छवि को ठेस पहुंचाने वाले एक मामले में सख्त कार्रवाई की गई है। बगेनगोला थाना में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) मनीष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उन पर अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही का आरोप लगा है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए एक वीडियो के बाद हुई, जिसमें एएसआई एक महिला डांसर के साथ आपत्तिजनक हरकतें करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में एएसआई मनीष कुमार एक निजी कार्यक्रम (बताया जा रहा है कि शादी समारोह) के दौरान डांसर को गोद में बैठाकर, बांहों में लेकर और गाल से गाल सटाकर मस्ती करते दिखे हैं। अश्लील गीतों पर ठुमके लगाते हुए उनकी यह हरकतें कैमरे में कैद हो गईं, जिसके बाद पुलिस की गरिमा पर सवाल खड़े होने लगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव को प्रारंभिक जांच सौंपी। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर एएसआई मनीष कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें अब सामान्य जीवन यापन भत्ता पर रखा गया है। विस्तृत विभागीय जांच अभी जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि पुलिस बल की अनुशासन, आचरण नियमावली और गरिमा के खिलाफ किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में दोष सिद्ध होता है तो दोषी के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद बक्सर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अनुशासन के मामलों में विभाग शून्य सहनशीलता की नीति पर अडिग है और पुलिस की साख से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा।


Comment here