द जनमित्र | शशि
नगरपालिका उपचुनाव में बेबी देवी ने धमाकेदार जीत हासिल कर उपमुख्य पार्षद का ताज अपने नाम किया। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोनी देवी को 750 वोटों के अंतर से हराया।





बेबी देवी को ईवीएम और ई-वोटिंग के जरिए कुल 9877 वोट मिले, जबकि सोनी देवी 9127 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे नंबर पर संजू देवी (4770 वोट), चौथे पर अंजलि देवी (4613 वोट) और पांचवें स्थान पर मनीषा चौधरी (1800 वोट) रही। निर्वाची पदाधिकारी सह सदर एसडीओ अविनाश कुमार ने बताया कि कुल 34193 वोट पड़े, जिनमें 26996 ईवीएम और 7197 ई-वोटिंग के जरिए डाले गए। मतगणना का माहौल बाजार समिति परिसर में शुरू में सुस्त रहा। सर्वर की धीमी रफ्तार ने शुरुआती दौर में खलल डाला, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद सर्वर ने रफ्तार पकड़ी और गिनती ने जोर पकड़ा। सुबह 8 बजे से शुरू हुई मतगणना के साथ दिन चढ़ते ही समर्थकों की भीड़ भी बढ़ने लगी। शाम 5 बजे जब बेबी देवी की जीत का ऐलान हुआ, तो उनके समर्थकों ने ‘हर-हर महादेव’ के नारों के बीच अबीर-गुलाल उड़ाकर जश्न मनाया। बेबी देवी के प्रतिनिधि सुनील मिश्रा ने कहा, “अब नगर परिषद में जनता की सरकार बनी है। भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और जनहित में काम होगा।” वहीं, वार्ड 20 के पार्षद पद के लिए हुए उपचुनाव में हिना परवीन ने अपनी प्रतिद्वंद्वी सपना देवी को 69 वोटों से पछाड़ा। हिना को 638 वोट मिले, जबकि सपना देवी 559 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। किरण देवी को मात्र 110 वोट मिले। हिना के प्रतिनिधि सिड्डू ने कहा, “विरोधियों ने धन-बल का खूब दम लगाया, लेकिन जनता ने उनके छल को नकार दिया।”


Comment here