द जनमित्र डेस्क
खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए खुशखबरी! शहर के आईटीआई ग्राउंड में 43 करोड़ 38 लाख 14 हजार रुपये की लागत से एक मॉडर्न स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह परियोजना जिले में लंबे समय से चली आ रही खेल सुविधाओं की कमी को दूर करेगी और इसे खेल जगत के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा के दौरान इस स्टेडियम का शिलान्यास किया था। राज्य सरकार की खेल अवसंरचना विकास की प्राथमिकता के तहत इस परियोजना को विशेष गति दी गई है। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना लागू होने के बाद सरकार खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण मुहैया कराने पर विशेष जोर दे रही है, जिसका सीधा लाभ अब बक्सर जिले को मिल रहा है।
निर्माणाधीन स्टेडियम परिसर में खेल सुविधाओं के अलावा एक जी+1 मल्टीपर्पज हॉल भी बनाया जा रहा है। करीब 2,327 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैला यह दो मंजिला हॉल इनडोर खेलों के लिए उपयोगी होगा। साथ ही, यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रशिक्षण शिविर और विभिन्न सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जा सकेंगी, जिससे पूरा परिसर बहुउद्देशीय हो जाएगा।
स्थानीय खिलाड़ियों और खेल संगठनों ने इस निर्माण कार्य का जोरदार स्वागत किया है। खिलाड़ियों का कहना है कि बक्सर में आधुनिक खेल परिसर के अभाव में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अक्सर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बाहर जाना पड़ता था। अब इस स्टेडियम और मल्टीपर्पज हॉल के बनने से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध होंगे।
निर्माण कार्य में तेजी देखकर खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हो रहा है। स्टेडियम के पूरा होने के बाद बक्सर जिले में खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इससे राज्य और जिला स्तरीय खेल आयोजनों की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा खेल के क्षेत्र में बक्सर की पहचान और मजबूत होगी।
यह परियोजना न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में मदद करेगी, बल्कि जिले को खेल के नक्शे पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाएगी।

Comment here