शिक्षा

मैट्रिक-इंटर फॉर्म भरने की तिथि घोषित

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड ने सभी छात्र-छात्राओं के मूल रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी कर दिए हैं, जिनके आधार पर ही परीक्षा फॉर्म भरे जाएंगे। जिले के 159 माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में यह प्रक्रिया चल रही है, और फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 3 अक्टूबर 2025 है।

बोर्ड के अनुसार, परीक्षा फॉर्म केवल ऑनलाइन माध्यम से भरे जाएंगे। सत्र 2025-26 के नियमित और स्वतंत्र विद्यार्थियों के लिए आवेदन पत्र दो खंडों (ए और बी) में उपलब्ध है। खंड ए (क्रमांक 1 से 15) में विवरण पहले से भरा होगा, जबकि छात्रों को केवल खंड बी (क्रमांक 16 से 35) भरना होगा। वहीं, पूर्व सत्रों के रजिस्टर्ड और पात्र विद्यार्थियों (जैसे कंपार्टमेंटल, समुन्नत, एकल विषय अंग्रेजी कोटि आदि) के लिए आवेदन पत्र एकीकृत होगा, जिसमें खंड ए और बी अलग-अलग नहीं होंगे।

आवेदन शुल्क के बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड ने बताया कि सामान्य श्रेणी के छात्र-छात्राओं को 1010 रुपये और आरक्षित श्रेणी के लिए 895 रुपये का भुगतान करना होगा। इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 1430 रुपये है, जबकि व्यवसायिक पाठ्यक्रम के लिए अतिरिक्त अनुमति शुल्क 340 रुपये लिया जाएगा। यदि किसी छात्र के पास आधार कार्ड नहीं है, तो उन्हें फॉर्म के कॉलम 17 में इसकी घोषणा करनी होगी।

बोर्ड ने विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा कि जिन विद्यालयों की मान्यता रद्द हो चुकी है, उनके छात्रों के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी निकटतम मान्यता प्राप्त विद्यालय से ऑनलाइन आवेदन और शुल्क जमा कराने की व्यवस्था करेंगे। सभी विद्यालय प्रधानों को सेंटअप परीक्षा और अनुपस्थित छात्रों की अलग-अलग सूची (सॉफ्ट और हार्ड कॉपी) समिति कार्यालय में जमा करनी होगी। विद्यालयों की जिम्मेदारी होगी कि वे बोर्ड की वेबसाइट से मूल रजिस्ट्रेशन कार्ड और परीक्षा आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके छात्रों को उपलब्ध कराएं। छात्रों को अपने रजिस्ट्रेशन कार्ड के अनुसार ही फॉर्म भरना अनिवार्य है।

Comment here