द जनमित्र डेस्क
बक्सर में ब्रह्मपुर थाना के सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि एक मामले में पैरवी कराने के बहाने वे पीड़ित पक्ष से लगातार पैसे की मांग कर रहे थे। पीड़ित की शिकायत के आधार पर निगरानी टीम ने यह कार्रवाई की।

निगरानी विभाग के डीएसपी विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। डुमरांव के एसडीपीओ भास्कर रंजन ने उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस घटना से पुलिस विभाग में काफी हलचल मची हुई है।
ब्रह्मपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे में पैरवी के नाम पर नीरज कुमार पचास हजार रुपये मांग रहे थे। पीड़ित ने बताया कि अधिकारी बार-बार पैसे की मांग कर परेशान कर रहे थे। तंग आकर उन्होंने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही विभाग ने जांच शुरू की और जाल बिछाकर अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ब्रह्मपुर में नेशनल हाईवे के किनारे स्थित एक निजी होटल में आरोपी से पूछताछ कर रही है। टीम रिश्वत से जुड़े आरोपों और शिकायत के तमाम पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई के दौरान टीम के सदस्य आशीष चौबे ने बताया कि एक मामले में पैरवी के नाम पर पचास हजार रुपये मांगने की शिकायत आई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई हुई। निगरानी के सीनियर डीएसपी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि ब्रह्मपुर थाना कांड संख्या 238/26 में परिवादी अमरनाथ यादव की मदद के लिए सब इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने रिश्वत मांगी थी। निगरानी में कांड दर्ज होने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया।
इस घटना के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सक्रियता चर्चा में है। अब पूछताछ और आगे की जांच में क्या खुलासा होता है तथा आरोपी के खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

Comment here