द जनमित्र | शशि
घरेलू गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि से गुस्साई बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला जलाया, नारेबाजी की और महंगाई के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय ने की।



डॉ. पांडेय ने तीखे शब्दों में कहा, “केंद्र की मोदी सरकार जनता का ध्यान असल मुद्दों से हटाकर तानाशाही रवैया अपना रही है।” उन्होंने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पहले सस्ते गैस सिलेंडर, किसानों की दोगुनी आय, बेरोजगारी खत्म करने और हर परिवार को 15 लाख रुपये जैसे बड़े-बड़े वादे किए गए, मगर सत्ता में आते ही सब भुला दिया गया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आज किसान आत्महत्या को मजबूर हैं, युवा बेरोजगार भटक रहे हैं। यह सरकार झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता में आई और अब हिंदू-मुसलमान, मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों पर राजनीति कर असल सवालों से ध्यान भटका रही है।” डॉ. पांडेय ने याद दिलाया कि भाजपा कभी डॉ. मनमोहन सिंह की ईमानदार सरकार पर सवाल उठाती थी, लेकिन आज खुद महंगाई रोकने में नाकाम साबित हुई है। उन्होंने मांग की कि नैतिकता दिखाते हुए सरकार को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
पुतला दहन में डॉ. प्रमोद ओझा, वीरेंद्र राम, संजय पांडेय, महिमा उपाध्याय, निर्मला देवी, पुष्पा वर्मा, राजारमण पांडेय, कुमकुम देवी, संजय कुमार दूबे, रुनी देवी समेत कई कांग्रेसी कार्यकर्ता और समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जनता की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।




