डीडीयू-दानापुर रेलखंड के रघुनाथपुर में नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस डिरेल, कई बोगियां पटरी से उतरी, बक्सर से डीडीयू तक ट्रेनें खड़ी, हेल्पलाइन नंबर जारी .
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के समीप हुआ हादसा 30 एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम मौजूद.
द जनमित्र | उमेश पांडे
बक्सर : नई दिल्ली से कामख्या को जा रही डाउन 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस जिले के रघुनाथपुर स्टेशन के पास बुधवार की रात 9:53 बजे डिरेल होने से पटना डीडीयू रेल खंड पर ट्रेनों का पहिया थम गया. हादसे में कई बोगी पटरी से उतर गई हैं और सैकड़ो लोगों के घायल होने की आशंका है. घटना की सूचना मिलते ही बक्सर से तमाम जिला स्तरीय पदाधिकारी और चिकित्सा कर्मी मौके पर रवाना हो गए हैं. बक्सर से डीडीयू तक डाउन लाइन में ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी हो गई. इस वजह से दिलदारनगर में सीमांचल एक्सप्रेस, दरौली में मेमो पैसेंजर तथा धीना में सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस खड़ी हो गई. इसके अलावा पुणे दानापुर, बाबा बैधनाथ एक्सप्रेस, विक्रमशिला एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें डीडीयू जंक्शन पर खड़ी हैं. दिलदारनगर सेक्शन के यातायात निरीक्षक संजय प्रसाद ने बताया कि बिहार के रघुनाथपुर स्टेशन पर नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के डिरेल होने से डाउन लाइन में ट्रेनें खड़ी हैं. ट्रैक क्लीयर होने के बाद ही परिचालन शुरु होगा.

Comment here