द जनमित्र | डेस्क
बक्सर : डुमरांव के पूर्व विधायक दाउद अली का निधन हृदय रोग एवं कैंसर की वजह से मुंबई स्थित एक अस्पताल में हो गया. वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे तो उन्हें पटना स्थित पारस अस्पताल में भर्ती किया गया था परंतु हालात नहीं सुधरे तो उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टरों के लाख कोशिश के बाद भी उन्हें नहीं बचाया जा सका. उन्हें दिल की बीमारी थी बताया जा रहा है कि कैंसर के भी लक्षण मौजूद थे. इलाज के दौरान ही हृदय गति रुक जाने के कारण उनका निधन हो गया. दाऊद अली शुरू से ही मजदूरों के पक्षधर थे और उनके संगठन से जुड़ कर उनके लिए आवाज उठाते रहते थे वह बीड़ी मजदूर यूनियन में भी अपना योगदान दे चुके हैं. 2010 में दाऊद अली ने डुमरांव से जेडीयू के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा था और राजद के सुनील कुमार को हराया था.

दाऊद अली को 42,538 वोट मिले थे जबकि सुनील कुमार को 22,692 वोट मिले थे. वर्ष 2015 तक डुमरांव के विधायक रहे दाऊद अली बाद में टिकट न मिलने से पार्टी से नाराज हो गए और नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले यह नेता पार्टी छोड़कर राजद में शामिल हो गए.

वह होम्योपैथिक के एक अच्छे डॉक्टर थे तथा होम्योपैथिक संघ के प्रदेश पदाधिकारी के रूप में भी कार्य कर रहे थे. उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके स्वजनों के साथ-साथ उनके चाहने वाले लोग स्तब्ध हैं लोगों का कहना है कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा कि हंसमुख, मिलनसार तथा सबके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाले दाउद अली अब इस दुनिया में नहीं है.

पूर्व विधायक का पार्थिव शरीर आज मुंबई से हवाई मार्ग द्वारा 1:30 बजे पटना एयरपोर्ट पर लाया जाएगा. सबसे पहले उनका पार्थिव शरीर विधानसभा पहुंचेगा उसके बाद उनके पैतृक गांव कठार स्थित आवास पर लाया जाएगा जहां लोग उनका अंतिम दर्शन करेंगे जिसके बाद उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया जाएगा.

इस दुखद घड़ी में डुमरांव विधायक अजीत कुशवाहा, जदयू नेता सोहराब कुरैशी, तबरेज अहसन, धीरज कुमार व बक्सर चेयरमैन निशा फरीदी, निसार अहमद, नियमतुल्लाह फरीदी, डॉक्टर एस एन सिंह के साथ-साथ पूर्व विधायक को जानने वाले कई लोगों ने दुख व्यक्त किया .



Comment here