पटना,19 नवंबर,2019:. जेएनयू के छात्रों पर बर्बर दमन के खिलाफ आज पटना विश्वविद्यालय में प्रतिरोध मार्च निकाला। एआईएसएफ,आइसा एवं एआईडीएसओ के बैनर तले छात्रों ने दरभंगा हाउस से प्रतिरोध मार्च में निकाला और पटना विश्वविद्यालय मुख्य द्वार तक मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने आक्रोशपूर्ण नारे लगाए। जेएनयू में बढ़ी पूरी शुल्क वृद्धि वापस लो,ड्राफ्ट हॉस्टल मैनुअल,सस्ती शिक्षा-अच्छी शिक्षा अधिकार हमारा लड़कर लेंगे,सार्वजनिक शिक्षा बचाने के लिए आगे आओ आदि नारे लगाए।

पटना विश्वविद्यालय मुख्य द्वार पर सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव सुशील कुमार, आइसा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोख्तार एवं एआईडीएसओ के राज्य सचिव विजय कुमार ने कहा कि जेएनयू के विद्यार्थियों के द्वारा चलाए जा रहे बहादुराना संघर्ष को सलाम करते हैं। जेएनयू केवल अपनी लड़ाई नहीं लड़ रहा है वह पूरी देश की सस्ती-अच्छी शिक्षा एवं सार्वजनिक शिक्षा को बचाने की लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हक मांग रहे जेएनयू के छात्रों पर बर्बरता की कोर कसर दिल्ली पुलिस ने नहीं छोड़ी।

स्ट्रीट लाइट बंद कर बर्बर लाठीचार्ज, लड़कियों के साथ भी बदसलूकी केंद्र सरकार के इशारे पर की गई। दरअसल कारपोरेट परस्त सरकार किसी भी सूरत में शिक्षा के निजीकरण के इरादे को पूरा करना चाहती है। अध्यक्षता एआईएसएफ के पीयू अध्यक्ष भाग्य भारती, आइसा के मृणाल एवं एआईडीएसओ के निकोलाई शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान रंजीत पंडित, आकाश कश्यप, सुभाष पासवान, प्रियंका प्रियदर्शिनी, सुशील उमाराज, रामजी यादव, अक्षय कुमार, राहुल कुमार, प्राची, समृद्धि सुमन, तौसीक आलम, विकास यादव, मीर सैफ अली, अंजलि कुमारी, अभिषेक, तान्या कुमारी, मनीष कुमार, सन्नी, कुंदन कुमार, शुभम सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।


Comment here