द जनमित्र। विमल यादव। 9431092766
पटना:नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने मांग की है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक की अपनी सभी यात्राओं पर श्वेत पत्र जारी कर उसकी उपलब्धि और उपयोगिता को सार्वजनिक करें. अपनी पिछली 13 यात्राओं के बाद जारी 14 वीं यात्रा में मुख्यमंत्री लगभग दर्जन भर जिलों की यात्रा कर चुके हैं.मुख्यमंत्री की हर एक जिला की यात्रा पर दिखावे के लिए बिहार जैसे गरीब प्रदेश की जनता की गाढ़ी कमाई के डेढ़ से दो करोड़ रुपये खर्च होते हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के पॉलिटकल कम्पैन, मनबहलाव, तफरीह और पर्यटन पर होने वाले इस खर्च का औचित्य भी मुख्यमंत्री को बताना चाहिए. मुख्यमंत्री की यात्राओं पर उनका ही सहयोगी राजद भी प्रश्नचिन्ह लगा चुका है.

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने मुख्यमंत्री की यात्रा शुरू होने के पहले ही कहा था कि अब तक की यात्राओं की विफलता की वजह से ही उन्हें फिर एक यात्रा करनी पड़ रही है.श्री सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सरकारी मशीनरी व संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है. जनता से दूरी बना कर हो रही मुख्यमंत्री की यात्रा उनकी मजबूरी बन गई है.जनादेश का अपमान कर कुर्सी बचाने वाले मुख्यमंत्री को अब जनता से डर लगने लगा है.


इसीलिए उनका प्रशासन सुनियोजित साजिश के तहत उन्हें जनता से दूर रख रही है. नीतीश कुमार भी जब से भ्रष्टाचारियों की गोद में बैठे हैं, भ्रष्टाचारी, अपराधी, दारू व बालू माफिया उन्हें भाने लगे हैं. इसीलिए मुख्यमंत्री अब तक जिन जिलों में गए हैं, कहीं भी उन्हें बढ़ते अपराध, घूसखोरी, भ्रष्टाचार, शराबबंदी की विफलता, जहरीली शराब से मारे गए लोगों के परिजनों की पीड़ा से रु-ब-रु होना नहीं पड़ा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यह आपकी समाधान नहीं व्यवधान यात्रा है. मुख्यमंत्री बिहार विधान सभा के आगामी सत्र में अब तक की अपनी सभी यात्राओं पर श्वेत पत्र जारी कर बिहार की जनता को इसकी उपलब्धियां व औचित्य जरूर बताएं.


Comment here