अपराधस्थानीय

सबसे बड़े स्वर्ण लूटकांड पर बड़ा खुलासा

Spread the love
द जनमित्र न्यूज डेस्क

बिहार के आरा में हुई सबसे बड़ी सोना लूट की साजिश बक्सर के अपराधी शेरू सिंह और वैशाली के चंदन कुमार उर्फ प्रिंस ने रची थी। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ प्रोडक्शन वारंट जारी हुआ है। भोजपुर पुलिस उन्हें बिहार लाने की तैयारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, चंदन मास्टरमाइंड था, जबकि शेरू ने जेल से ऑपरेशन चलाया। गिरफ्तार आरोपियों कुणाल, विशाल और सूरज के बयानों से यह खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में पता चला कि लूट के बाद अपराधी हरियाणा, जम्मू और छत्तीसगढ़ भाग गए थे। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दस अपराधियों को इन राज्यों से गिरफ्तार किया। उनके पास से जेवर और पिस्टल बरामद हुए। गिरफ्तार अपराधियों में वैशाली के अमित, नितिन, गौरव, मो. चांद, अभिषेक, सुमित उर्फ प्रिंस, अभिमन्यु उर्फ पगला, तिसियोता के प्रीतम उर्फ छोटू, हिमांशु और अररिया के सूरज मंडल शामिल हैं। सुमित, गौरव और अभिषेक के पास से चेन, बिस्कुट और अंगूठी मिली।
लूट का गैंग लीडर चुनमुन झा उर्फ राकेश 22 मार्च को अररिया में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। वह रेकी और लूट में शामिल था। सीसीटीवी में उसे पिस्टल के साथ लूटपाट करते देखा गया। उसका साथी सूरज मंडल भी लूट में शामिल था। पुलिस का कहना है कि अन्य अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा। गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
10 मार्च को आरा के तनिष्क शोरूम से करीब 10 करोड़ के जेवर लूटे गए थे। सात-आठ अपराधियों ने गार्ड का हथियार भी छीना। कुछ घंटों में ही दो अपराधी पकड़े गए। एसटीएफ के एसपी संजय कुमार सिंह ने बताया कि शेरू और चंदन ने जेल से साजिश रची। लूट से पहले शोरूम की रेकी हुई और भागने के रास्ते तय किए गए। अपराधी एक माह पहले भोजपुर में शरण लिए थे। लूट के बाद जेवर रिसीवर को सौंपकर वे छह राज्यों में भागे, कुछ ने मनाली में छुट्टियां भी मनाईं।

Comment here