गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026
ताज़ा
दो नवंबर को लगेगा रोजगार मेला चौसा ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइट की मांग बिजली कनेक्शन के बगैर ही थमा दिया बिल पेड़ों के वजह से अटकी कई सड़क परियोजना बक्सर में कांग्रेस की बैठक, दिल्ली रैली को लेकर रणनीति पर मंथन ग्रामीण इलाकों में भी खुलेगा ब्लड बैंक बक्सर में अवैध पटाखा दुकान पर छापा, भारी स्टॉक जब्त मानसिक रूप से कमजोर महिला से बलात्कार
स्थानीय

दो नवंबर को लगेगा रोजगार मेला

बक्सर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण अवसर दो नवंबर 2026 को उपलब्ध होगा। जिला नियोजनालय की ओर से आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में 21 कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।

मेला सुबह दस बजे संयुक्त श्रम भवन स्थित आईटीआई परिसर में शुरू होगा। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक ने बताया कि मेले में तकनीकी, गैर-तकनीकी, सुरक्षा, बीमा, डिलीवरी, शिक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी कंपनियां शामिल होंगी।

मेले में भाग लेने वाली कंपनियों में एबी इंडिया सर्विसेज, प्राइटीक सॉल्यूशन सर्विसेज, नव भारत फर्टिलाइजर, नेशनल इंश्योरेंस, रस्तोगी इंडस्ट्रीज, ब्लिंक कॉमर्स, एलआईसी इंडिया, इंस्टाकार्ट सर्विसेज, एसआईएस लिमिटेड, इनोमैक्स इंडस्ट्रीज और एसआरवीटी ग्लोबल टैलेंटाइज जैसी कंपनियां शामिल हैं। इनके अलावा अन्य कंपनियां भी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी।

इन कंपनियों में डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, हेल्पर, टेक्नीशियन, सेल्स ट्रेनी, इंश्योरेंस एडवाइजर, मशीन ऑपरेटर, पिकर-पैकर, डिलीवरी बॉय, गार्ड, सुपरवाइजर, अकाउंटेंट, क्वालिटी चेकर और शिक्षक जैसे पदों पर भर्ती की जाएगी। अलग-अलग पदों के लिए वेतन ग्यारह हजार पांच सौ रुपये से पैंतीस हजार रुपये प्रतिमाह तक निर्धारित किया गया है। कुछ पदों पर वेतन साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया के आधार पर तय होगा।

यह भी पढ़ेंचौसा ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइट की मांग

कुछ कंपनियां बिहार के विभिन्न जिलों में जबकि कुछ कंपनियां देश के अन्य राज्यों में भी नौकरी का अवसर प्रदान करेंगी। पदों के लिए योग्यता दसवीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक तक रखी गई है। उम्र सीमा अठारह से पैंतालीस वर्ष के बीच है।

जिला नियोजन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का कम से कम आठवीं पास होना आवश्यक है। साथ ही बिहार रोजगार पोर्टल Detjob.bihar.gov.in पर पंजीकरण भी अनिवार्य है। मेले के दौरान ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं। जिन युवाओं को फिलहाल नौकरी की आवश्यकता नहीं है, वे भी मेले में पहुंचकर जिला उद्योग केंद्र, जीविका और डीआरसीसी की विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

अपनी राय दें

आपका ईमेल प्रकाशित नहीं किया जाएगा।