द जनमित्र डेस्क
बक्सर। जिले के चौसा इलाके में स्थानीय कार्यकर्ता विकास राज ने चौसा रेलवे ओवरब्रिज पर स्ट्रीट लाइट लगाने और कोइलवर-बक्सर विश्वामित्र पथ को रानीघाट तक बढ़ाने की मांग करते हुए सांसद सुधाकर सिंह तथा जिलाधिकारी साहिला को ज्ञापन सौंपा है।



ज्ञापन में बक्सर-सासाराम मुख्य मार्ग पर बने ओवरब्रिज पर रोशनी की व्यवस्था करने को लेकर जोर दिया गया है। विकास राज का कहना है कि रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने से पैदल चलने वाले और वाहन चालक दोनों को कठिनाई होती है। अंधेरे में दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है।
उन्होंने विश्वामित्र पथ को चौसा रानीघाट तक बढ़ाने की भी मांग रखी। उनका मानना है कि इससे क्षेत्र में यातायात सुविधा बेहतर होगी और आम लोगों को आने-जाने में आसानी मिलेगी। सड़क संपर्क सुधरने से स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।
विकास राज ने बताया कि इन दोनों मुद्दों को लेकर वे बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र से पहले भी कई बार मिल चुके हैं और ज्ञापन दे चुके हैं। उन्होंने सांसद और जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि दोनों मांगों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाएगा, जिससे चौसा क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित सफर और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।




