द जनमित्र | शशि
मुख्यमंत्री ने सोमवार को पथ निर्माण विभाग की योजनाओं को बारीकी से परखा और कई बड़े ऐलान किए। सबसे खास रहा जेपी गंगा पथ के विस्तार का फैसला। सीएम ने बताया कि ये पथ अब दीघा से पश्चिम में कोइलवर पुल होते हुए बक्सर तक और पूरब में दीदारगंज से करजान (बख्तियारपुर) के रास्ते मोकामा तक फैलेगा। उनका कहना था कि दीघा से दीदारगंज तक ये पथ बनने के बाद लोगों का सफर आसान हो गया है, और अब इसे और विस्तार देकर कनेक्टिविटी को अगले स्तर पर ले जाया जाएगा। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया कि राज्य में क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के लिए नए रास्तों और पुलों के प्रस्ताव जल्द तैयार करें।




जेपी गंगा पथ गंगा के किनारे-किनारे बन रहा है, जो उत्तर और दक्षिण बिहार को करीब लाएगा। खास तौर पर मोकामा से यूपी बॉर्डर तक इसका विस्तार होने से दिल्ली से पटना की यात्रा किसी एक्सप्रेस-वे जैसी हो जाएगी। अभी दिल्ली से बक्सर के पास हैदरिया तक तो एक्सप्रेस-वे है, लेकिन उसके बाद सफर धीमा पड़ जाता है। अब बक्सर तक ये पथ बनने से गाड़ियां 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पटना तक दौड़ सकेंगी।
इसके अलावा, जेपी गंगा पथ के विस्तार से एनएच-922 पर लगने वाले भयंकर जाम से भी छुटकारा मिलेगा। इससे न सिर्फ यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यापारियों का भी भला होगा। बक्सर का इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और वहां ट्रैफिक की हालत सुधरेगी।
पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव ने सीएम को योजनाओं की ताजा प्रगति से रू-ब-रू कराया। पहले चरण में जेपी गंगा पथ को दीघा से शेरपुर-बिहटा (कोइलवर पुल तक) 35.65 किलोमीटर तक बढ़ाया जाएगा। वहीं, दीदारगंज से फतुहा-बख्तियारपुर-अथमलगोला (एसएच-106) तक 41.27 किलोमीटर का 4-लेन रास्ता बनेगा। बैठक में केंद्र की ओर से बिहार के लिए मंजूर लंबी दूरी के एक्सप्रेस-वे की भी जानकारी दी गई। सीएम ने हिदायत दी कि प्रगति यात्रा के दौरान मंजूर सभी सड़कों और पुलों के काम में तेजी लाई जाए, साथ ही ग्रामीण रास्तों को भी जल्द चौड़ा किया जाए। इस मौके पर सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार समेत कई बड़े आईएएस अधिकारी और इंजीनियर मौजूद रहे।
इस परियोजना से पटना-आरा-बक्सर की मौजूदा 4-लेन सड़क से बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। पटना से बक्सर तक गाड़ियां 100-120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से पहुंचेंगी और बक्सर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा। यूपी के बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर जैसे इलाकों तक पहुंचना भी अब पहले से कहीं सुविधाजनक होगा।
दीघा सेतु, शेरपुर-दिघवारा सेतु, कोइलवर सेतु, वीर कुंवर सिंह आरा-छपरा सेतु, जनेश्वर मिश्र सेतु और बक्सर सेतु आपस में जुड़कर एक शानदार नेटवर्क तैयार करेंगे।
हाल ही में अपनी प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार बक्सर पहुंचे थे। वहां उन्होंने जिले की विकास योजनाओं का जायजा लिया और कई सड़कों, खेल मैदानों व अन्य परियोजनाओं को हरी झंडी दी। ये फैसला उसी यात्रा के दौरान हुई समीक्षा बैठक का नतीजा माना जा रहा है। कुल मिलाकर, ये कदम बिहार की कनेक्टिविटी और विकास को नई रफ्तार देने वाला साबित हो सकता है।

Comment here