साढ़े तीन लाख लूटने के दौरान सीएसपी संचालक और युवक को अपराधियो ने मारी गोली एक की मौत. सीएसपी संचालक का सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज. बीच – बचाव करने गए युवक के मुंह में गोली मारकर हत्या करने के बाद लूट ले गए रुपये.
द जनमित्र | सरिता कुमारी
बक्सर: जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के सोंवा गांव के समीप सीएसपी संचालक से साढ़े तीन लाख रुपयों की लूट अपराधियो ने कर ली. इस दौरान सीएसपी संचालक को बचाने गए युवक के मुँह में पिस्टल डाल अपराधियो ने गोली मारकर हत्या कर दी, साथ ही सीएसपी संचालक के पैर में गोली मारकर रुपये लेकर अपराधी फरार हो गए. इस घटना ने पुलिस के आंखों की नींद गायब कर दिया है. जिले के तमाम वरीय अधिकारी इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियो को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रहे है. इधर युवक की हत्या के बाद उसके परिजनों में कोहराम मच गया है. उनका रो-रो कर बुरा हाल है. इस वारदात में घायल सीएसपी संचालक को रघुनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. जहां उसका इलाज जारी है.

सीएसपी बन्द कर घर लौट रहा था संचालक
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सोंवा गांव में बैंक ऑफ़ इंडिया के सीएसपी संचालक मनोज यादव सीएसपी बंद कर अपने गांव धरौली लौट रहा था. उसी दौरान सोंवा गांव निवासी सोनू यादव भी अपने गांव के तरफ जा रहा था. इसी बीच सोंवा गांव के बाहर ही अज्ञात अपराधियों ने सीएसपी संचालक से साढ़े तीन लाख रुपये लूट कर उसके पैर में गोली मार दी. यह नजारा देखने के बाद सोनू यादव ने इसका विरोध किया तभी अपराधियों ने मनोज को छोड़कर सोनू को पकड़ लिया और उसके मुंह में पिस्टल डालकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद मौके से अपराधी भाग निकले. गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां सोनू यादव को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि मनोज सिंह यादव को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रघुनाथपुर और अब सदर अस्पताल बक्सर भेजा गया है.

क्या कहता है सीएसपी संचालक
अपराधियों की गोली से घायल सीएससी संचालक मनोज यादव ने मीडिया को दिए अपने बयान में बताया कि अपराधियों ने उनसे साढ़े तीन लाख रुपए लूट लिए है. इसी दौरान रास्ते से गुजर रहा मृतक सोनू ने अपराधियो का विरोध किया तो उसके मुंह मे गोली मार दी, जिसके बाद डर से भाग रहे सीएसपी संचालक के भी पैर में अपराधियो ने गोली मारकर घायल कर दिया.

गौरतलब है कि इस घटना ने बक्सर पुलिस की आंखों से नींद गायब कर दी है. एसपी मनीष कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के तमाम वरीय पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है.

Comment here