अपराधग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

पत्रकार के इच्छानुसार राजपुर थाना प्रभारी करेंगे कार्रवाई

Spread the love

जिले के राजपुर प्रखण्ड में दिनदहाड़े अपराधियो ने किसान को मारी गोली, फिर एक ही बाइक पर सवार होकर आराम से फरार हो गए तीनो अपराधी. 24 घण्टे पहले ही अज्ञात महिला की सर कटी लाश मिलने से दहशत में थे राजपुर इलाके के लोग.

द जनमित्र | डेस्क

बक्सरः जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डिहरी गांव में रविवार की सुबह खेत में काम करने जा रहे किसान चंदन राय को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया. गोली चलने की आवाज सुनते ही आस पास के खेतों में काम कर रहे स्थानीय किसानों को आते देख बाइक सवार अपराधी भाग निकले, आनन-फानन में ग्रामीणों के सहयोग से घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है.

तीन की संख्या में थे अपराधी

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी स्वर्गीय महंत राय के 45 वर्षीय पुत्र चंदन राय अपने खेतों में काम करने के लिए जा रहे थे इसी दौरान नागेंद्र हाई स्कूल के पास एक बाइक पर सवार तीन की संख्या में अपराधियों ने पीछे से आकर ताबड़तोड़ गोली बरसाना शुरू कर दी जिसमें गोली उनके बाएं हाथ में जा लगी और वह वहीं पर गिर गए. गोली चलने की आवाज सुनकर जब ग्रामीण दौड़ते हुए पहुचे तब तक अपराधी अपनी अपाची बाइक पर सवार होकर फरार हो गए. आनन-फानन में ग्रामीणों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज चल रहा है.

क्या कहता है घायल

अपराधियो की गोली से जख्मी चंदन राय ने बताया कि अपराधियो की कुल संख्या तीन थी जो एक ही बाइक पर सवार थे जिसमे से दो ने मुंह पर गमछा बांध रखी थी जबकि एक का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था देखने पर वह उसे पहचान लेंगे.

क्या कहते है डॉक्टर

सदर अस्पताल में घायल का इलाज कर रहे डॉक्टर श्याम बाबू रजक ने बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी चंदन राय नामक व्यक्ति को बाएं हाथ में गोली लगी है. तीन-चार छर्रे अभी भी बांह में फंसे हुए हैं हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य है.

क्या कहते है अधिकारी

वही इस घटना को लेकर राजपुर थाना प्रभारी राजेश मालाकार से बात की गई कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई कर रही है तो पहले उन्होंने फोन पर कहा कि आप क्या कार्रवाई चाहते है वही करेंगे लेकिन कुछ ही देर बाद बात बदलते हुए उन्होंने कहा कि घायल के परिवार के तरफ से कोई आवेदन नही दिया गया है. आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी. वही अस्पताल में पहुचे गांव के चौकीदार ने बताया कि गोली लगने के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है.

गौरतलब है कि इच्छा अनुसार फोन पर कार्रवाई करने का भरोसा देने वाले राजपुर थाना के थाना प्रभारी राजेश मालाकार की जिस काबिलियत को देखकर एसपी मनीष कुमार ने डीआईयू टीम से हटाकर उन्हें राजपुर थाना प्रभारी बनाया था वह काबिलियत अपराधीयो के सामने फेल कर गया है हाल ही में अपराधियो ने हथियार के बल पर एसजेवीएन पावर प्लांट के कर्मी से लूटपाट की थी. पुलिस अभी इस मामले को सुलझाई ही थी कि शनिवार को इसी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला की सर कटी शव नहर से मिलने के बाद हड़कम्प मच गया था. 24 घण्टे के अंदर ही अपराधियो ने दिनदहाड़े किसान को गोली मार दी और थानेदार पत्रकार से पूछने में ही रह गए कि क्या कार्रवाई चाहते है.

Comment here