त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में जिले के युवक की तेलंगाना में हुआ हत्या. जिले के पुराना भोजपुर का निवासी है युवक. हत्या के बाद शव को दफनाया.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः तेलंगाना में कार्यरत पुराना भोजपुर निवासी एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई है. हत्यारों ने साक्ष्य को छुपाने के लिए हत्या के बाद उसके शव को दफना दिया था जिससे पुलिस को कोई सुराग न मिल सके जैसे ही मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान कर शव को बरामद करने के साथ ही सभी हत्या आरोपियो को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में होने की बात कही जा रही है.

तेलंगाना में निजी कम्पनी में करता था काम
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार मृतक पुराना भोजपुर के उत्तर टोला निवासी स्वर्गीय काफी साह का पुत्र राज कपिल बताया जा रहा है जो तेलंगाना के कोथूर थाना क्षेत्र के थीम्मापुर में एचआईएल कंपनी में काम करता था. 18 जुलाई को वह ड्यूटी जाने के लिए अपने आवास से निकला लेकिन फिर वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई और मामले में स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई.
क्या कहते है तेलंगना के अधिकारी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए डीसीपी नारायण रेड्डी ने बताया कि 18 जुलाई को राज कपिल ड्यूटी करके अपने आवास पर लौटा. दोपहर तकरीबन 3:00 बजे वह अपने आवास पर मोबाइल फोन चार्ज में लगा कर घर से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा.
मामले में राज कपिल के साथ रह रहे उसके साथियों ने पुलिस को सूचना दी पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की तो यह ज्ञात हुआ कि समीप में ही रह रहा राहुल सिंह उर्फ अमरनाथ उसके साथ अंतिम बार देखा गया था. पुलिस ने इसी आधार पर अमरनाथ समेत चार युवकों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की.

सभी ने बताया कि उन्होंने राज कपिल की हत्या कर दी ऐसा इसलिए क्योंकि राज कपिल उसी लड़की से प्रेम करता था जिससे कि अमरनाथ प्रेम करता था. ऐसे में उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर राज कपिल के पेट में चाकू घोंप दिया फिर उसके सिर को पत्थर से कुचल दिया जब उसकी मौत हो गई तो उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर मिट्टी में दबा दिया. चारों की स्वीकरोक्ति के बाद पुलिस ने राहुल कुमार सिंह, मोहम्मद ताहिर तथा अन्य दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया. जिन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया.
परिजनों का रो रोकर है बुरा हाल
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मच गया है. कपिल अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था. पिता की मौत के बाद भाइयों ने ही घर की माली हालत सुधारने के लिए प्रयास शुरु किया था. इसी क्रम में कपिल भी कमाने के लिए बाहर गया था कपिल के भाई सूरज का कहना है कि यकीन नहीं हो रहा कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. ऐसे में मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. मृतक का शव शुक्रवार को उनके गांव पहुंचा जिसके बाद परिजनों के बीच कोहराम मच गया. उनके करुण-क्रंदन से गांव में हर कोई गमगीन हो गया.

Comment here