हथियार और जिन्दा कारतूस के साथ पुलिस के हत्थे चढ़े पिता-पुत्र. अपराधियो को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस चला रही है विशेष अभियान.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सर : अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस कप्तान मनीष कुमार के निर्देश पर जिले की पुलिस के द्वारा विशेष अभियान चलाकर अपराधियो को गिरफ्तार करने में लगी है. इस कड़ी में पुलिस ने हथियार और जिंदा कारतूस के साथ पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस गिरफ्त में आये पिता-पुत्र को सिकरौल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. दोनों रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के रहने वाले है. और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में बक्सर के सिकरौल में पहुँचे थे, तभी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार डुमरांव एसडीपीओ आफाक अख्तर अंसारी को यह गुप्त सूचना मिली थी कि सिकरौल थाना क्षेत्र में एक बाइक पर सवार होकर दो लोग हथियार लेकर किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में कहीं जा रहे हैं. सूचना सिकरौल थाने की गश्त लगा रही टीम को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच तेज की. इसी क्रम में बाइक सवार दो लोग जाते हुए दिखाई दिए. जिसके बाद उन्हें रोक कर जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से एक देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद करने के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. इस दौरान दोनों ने अपनी पहचान रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के अवाढी गांव निवासी 55 वर्षीय जितेंद्र सिंह तथा उनके 24 वर्षीय पुत्र योगेश प्रकाश के रूप में बताई.
क्या कहते हैं एसडीपीओ
हथियार और कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. दोनों हथियार और कारतूस लेकर कहाँ और क्यों जा रहे थे, इस संदर्भ में इनसे पूछताछ की गई. लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. बाद में इनके विरुद्ध शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर इन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया गया.
गौरतलब है कि अपराध नियंत्रण को लेकर बक्सर एसपी मनीष कुमार लगातार सड़को पर उतरकर खुद पेट्रोलिंग करने के साथ ही साथ थानों में पेंडिंग केसों की जानकारी एकत्रित कर उन्हें कई तरह का निर्देश दे रहे है.

Comment here